अपराध

अपराधियों का दुस्साहस: राजद नेता को बीच रास्ते गोली मारी

Spread the love

द जनमित्र न्यूज डेस्क

जिले में अपराधियों का दुस्साहस रुकने का नाम नहीं ले रहा। एक के बाद एक वारदातें पुलिस की चौकसी पर सवालिया निशान लगा रही हैं। ताजा मामला डुमरांव अनुमंडल के बगेन थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां बुधवार की रात अज्ञात हमलावर ने राजद नेता ददन आजाद को गोली मार दी। घटना उस वक्त हुई, जब ददन अपनी बहन के घर से बाइक पर सवार होकर अपने गांव सलाला (थाना सोनवर्षा) लौट रहे थे। पीछे से गोली मारने वाले हमलावर ने उनकी कमर को निशाना बनाया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पहले आरा और फिर पटना रेफर किए गए ददन की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

बताया जाता है कि यह हमला भदवर-बराढ़ी मार्ग पर एक पुल के पास रात करीब 10 बजे हुआ। स्थानीय लोगों ने तुरंत ददन को अस्पताल पहुंचाया। सूत्रों के मुताबिक, हमलावर अकेला था, जिसने मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।
घटना की खबर मिलते ही पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू कर दी। पुलिस कप्तान शुभम आर्य ने कहा कि मामले की तह तक जाया जा रहा है और जल्द ही अपराधी को पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि कानून तोड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
उल्लेखनीय है कि बक्सर में अपराध पर लगाम कसने के लिए हाल ही में एसपी शुभम आर्य ने कई थानों में फेरबदल किया था। फिर भी, अपराधियों के हौसले कम नहीं हो रहे। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करती है और अपराधी को कब तक सलाखों के पीछे पहुंचाती है।

Comment here