द जनमित्र न्यूज डेस्क
बक्सर में बाइक चोरों का आतंक चरम पर है। शुक्रवार को नगर थाना क्षेत्र में दो-दो बाइक चोरी की वारदातों ने शहरवासियों को दहशत में डाल दिया। दोनों घटनाएँ सीसीटीवी में कैद हुईं, मगर चोरों की धृष्टता कम होने का नाम नहीं ले रही।










कोरानसराय के कचैनिया गांव के प्रदीप कुमार, जो एचडीबी फाइनेंस कंपनी में काम करते हैं, रोज़ की तरह अपनी काली बाइक से ऑफिस पहुँचे। बाइक को सोनामति गैस एजेंसी के सामने खड़ा कर ऑफिस चले गए। कुछ देर बाद लौटे तो बाइक गायब। आसपास पूछताछ बेकार, आखिरकार प्रदीप ने नगर थाने में शिकायत दर्ज की।
इधर, मित्रलोक कॉलोनी के फौजी दिलीप कुमार साहू ईसीएचएस केंद्र दवा लेने गए। अपनी अपाचे बाइक नीचे खड़ी कर डॉ. गिरिजा तिवारी के क्लिनिक पहुँचे। तभी एक चश्माधारी युवक ने उनकी बाइक पर हाथ साफ कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में 22-25 साल का यह युवक बाइक लेकर ज्योति प्रकाश चौक, रेलवे स्टेशन होते हुए विशाल मेगा मार्ट की ओर भागता दिखा। दिलीप ने खोजबीन की, लेकिन चोर का कोई अता-पता नहीं।
लगातार बाइक चोरी की घटनाओं से बक्सर के लोग खौफ और गुस्से में हैं। शहरवासियों का कहना है कि पुलिस की लापरवाही ने चोरों के हौसले बुलंद कर दिए हैं। पीड़ितों ने माँग की है कि पुलिस जल्द से जल्द बाइकें बरामद करे और चोरों को सलाखों के पीछे डाले।


Comment here