रघुनाथपुर पीएचसी प्रभारी की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत, कार्यालय कक्ष में मिली लाश. शुक्रवार की अहले सुबह अपने कार्यालय कक्ष में मृत पाए गए चिकित्सक. मामले का जांच करने खुद पहुँचे एसपी.
द जनमित्र | डेस्क
बक्सरः जिले के डुमराँव अनुमण्डल अंतर्गत रघुनाथपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी राजेश गुप्ता की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई है. शुक्रवार की अहले सुबह वह अपने कार्यालय कक्ष में मृत पाए गए. सफाई कर्मी जब सफाई करने के लिए कार्यालय कक्ष में पहुंची तो वह पेट के बल पड़े हुए पाए गए हालांकि अक्सर वह ऐसे ही सोया करते थे ऐसे में किसी को उनकी मृत्यु का संदेह नहीं हुआ. बाद में काफी देर तक आवाज देने के बाद भी जब वह नहीं उठे तो अन्य कर्मियों को बुलाया गया. इसके बाद जैसे ही उन्हें सीधा किया गया उनके नाक और कान से खून बहता दिखाई दिया. तुरंत ही जांच की गई लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही स्वस्थ्यकर्मियो में हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनीष कुमार खुद जांच करने पहुँचे हुए हैं.

सूत्रों की माने तो रात्रि ढाई बजे उनके कमरे में गए थे कुछ स्वास्थ्यकर्मी
घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार रघुनाथपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ राजेश गुप्ता बीती रात आम दिनों की तरह ही अपने कार्यालय कक्ष में आराम कर रहे थे. तकरीबन 2:30 बजे कुछ स्वास्थ्यकर्मी उनके कमरे में पहुँचे हुए थे जिनसे उनकी बात भी हुई है और सुबह में उन्हें मृत पाया गया. कमरे के दरवाजे में अंदर से कुंडी नही लगा हुआ था. मामले की गम्भीरता को देखते हुए एसपी मनीष कुमार खुद अस्पताल में पहुँचकर प्रत्येक बिंदुओं पर जांच कर रहे है.

कई स्वस्थ्यकर्मियो से पहले से चल रहा था मनमुटाव
स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ राजेश सदैव विवादों में रहे हैं. कुछ महीनो पूर्व उनका एक वीडियो भी वायरल हुआ था जिसमें वह सिगरेट पीते और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए देखे जा रहे थे. इसके अतिरिक्त अपने सहकर्मियों के साथ भी उनका अक्सर विवाद होता रहता था. स्थानीय सूत्रों का कहना है कि पिछले ही दिनों सिविल सर्जन की तरफ से उन पर प्रपत्र-क गठित करने की चेतावनी दी गई थी. ऐसे में वह अवसाद में रहते थे. हो सकता है इसी अवसाद से उन्हें ब्रेन हेमरेज हो गया हो या यह भी हो सकता है कि जिन लोगों से उनका विवाद चल रहा था उन्होंने उनकी हत्या कर दी हो हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद इस बात का खुलासा हो पायेगा.

अंदर से नहीं बंद थी कमरे की कुंडी खंगाला जा रहा सीसीटीवी फुटेज
जांच करने पहुंचे एसपी मनीष कुमार ने बताया कि चिकित्सा प्रभारी के कमरे की कुंडी अंदर से बंद नहीं था. हम यह भी नही कह सकते है कि ब्रेन हेमरेज हुआ है. सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है लेकिन अब तक कमरे में किसी के प्रवेश करते या बाहर जाते कोई फुटेज हाथ नहीं लगा है. फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के पश्चात विशेष जानकारी प्राप्त हो सकती है.

Comment here