जनमित्र/बक्सरः डुमराँव के छठिया पोखरा के तट पर भाकपा (माले) के डुमराँव विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह ने अपने निजी फंड से पुस्तकालय भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया. इस मौके पर विधायक ने कहा कि इस पुस्तकालय में बड़ी मात्रा में पुस्तकें उपलब्ध होंगी. जिसका लाभ यहां के नागरिक एवं छात्र उठा पाएंगे. विधायक ने कहा कि इस तरह के पुस्तकालय का निर्माण कर हम संसाधनों से महरूम बच्चों में पढ़ने-लिखने के प्रति रुचि जगाने, खेलकूद का अवसर देने, क्रिएटिविटी को उभारने, सकारात्मक कार्यों और खुशनुमा माहौल में समय बिताने का अवसर देकर उनमें आत्मविश्वास और आत्मसम्मान जगाने और उनकी दक्षताओं को विकसित करने की दिशा में कोशिश की है. यह पुस्तकालय शहर के प्रबुद्ध एवं वरिष्ठ नागरिकों को भी विचार विमर्श एवं समाज के प्रति जागरूकता फैलाने में सहायक होगा. हमारा मानना है कि शहर की पहचान उसके पुस्कालय एवं खेल के मैदान से बनती है. एक बेहतर शहर में दोनो ही बेहद आवश्यक कारक हैं जो शहर के नागरिकों को एक अलग पहचान देते हैं. पुस्तकालय एवं मैदान को विकसित करना हमारी प्राथमिकता है.
इस दौरान भाकपा (माले) के डुमराँव प्रभारी सुकर राम, संजय शर्मा, नीरज यादव, सुरेन्द्र प्रसाद, जगनारायण सिंह यादव, संजय सिंह कुशवाहा, कृष्णा राम, सुरेश राम, मोहन गुप्ता, रास भोला, मनोज कुशवाहा, दीपक यादव सहित अन्य शहर के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे.

Comment here