राजनीति

छात्र आंदोलन को कुचलने की साजिश : सांसद

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर लोकसभा सांसद सुधाकर सिंह ने दिल्ली में छात्रों के आंदोलन पर हुई पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला है।

सांसद ने दावा किया कि छात्रों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन को कुचलने और उसे बदनाम करने के लिए एक सुनियोजित रणनीति अपनाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि गृह मंत्री अमित शाह के निर्देशन में यह पूरी कवायद चलाई जा रही है।

सुधाकर सिंह का कहना है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और गृह मंत्री अमित शाह पर लग रहे भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों से जनता का ध्यान हटाने के लिए इस घटनाक्रम को रचा गया है।

उन्होंने खुलासा करते हुए बताया कि देश के अलग-अलग राज्यों खासकर जम्मू-कश्मीर और पश्चिम बंगाल से हजारों सीआरपीएफ जवानों को दिल्ली बुलाया गया है। जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है, जिसका मकसद छात्रों पर दबाव बनाना और उनके आंदोलन को कमजोर करना है।

सांसद ने भाजपा और आरएसएस से जुड़े तत्वों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग दिल्ली पुलिस की मदद से आंदोलनकारी छात्रों के बीच घुसपैठ कर उपद्रव मचाने की कोशिश कर रहे हैं। उनका उद्देश्य आंदोलन को हिंसक रंग देने के बाद उसे खालिस्तानी, आतंकवादी या नक्सली करार देकर बदनाम करना है।

सुधाकर सिंह ने पूरे विपक्ष और विभिन्न सामाजिक संगठनों की एकजुटता का जिक्र करते हुए कहा कि देश का विपक्ष छात्रों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि कोई भी उन्हें हिंसा के लिए भड़काने की कोशिश करे तो भी वे पूरी शांति और अनुशासन बनाए रखें।

सांसद ने पिछले एक महीने से छात्रों द्वारा दिखाए गए धैर्य और संयम की सराहना की। उन्होंने भरोसा जताया कि छात्रों की जायज मांगों को अंततः मानना ही पड़ेगा।

Comment here