स्थानीय

सांसद और पूर्व विधायक का बयानः जंतर-मंतर प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज बर्बरतापूर्ण

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

दिल्ली के ऐतिहासिक जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस द्वारा की गई लाठीचार्ज और आंसू गैस की गोले चलाने की घटना की बिहार के बक्सर जिले के नेताओं ने जमकर निंदा की है। सांसद सुधाकर सिंह और डुमरांव के पूर्व विधायक अजीत कुशवाहा ने इस कार्रवाई को लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला करार दिया और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

सांसद सुधाकर सिंह ने इस घटना को बेहद चिंताजनक बताते हुए कहा कि आमतौर पर आंसू गैस के गोले भीड़ के ऊपर की ओर फेंके जाते हैं, लेकिन इस बार प्रदर्शनकारियों को सीधे निशाना बनाया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसा किसके आदेश पर किया गया। सिंह ने आगे कहा कि अपने वैध अधिकारों की मांग कर रहे नागरिकों पर लाठियों का इस्तेमाल अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जायज मांगों का जवाब लाठियों से दिया जाएगा तो लोकतंत्र के लिए यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण होगा।

डुमरांव के पूर्व विधायक अजीत कुशवाहा ने पुलिस की कार्रवाई को खुलकर तानाशाही बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन से जुड़े दीपक को हिरासत में ले लिया गया है और छात्रों पर अत्यधिक बर्बरता के साथ लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने विपक्ष के सभी सांसदों से अपील की कि वे जंतर-मंतर पहुंचकर इस घटना का विरोध दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि सरकार का नैतिक आधार पूरी तरह खत्म हो चुका है और वह अपनी जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ रही है। पूर्व विधायक ने भी बताया कि पिछले 22 दिनों से वैज्ञानिकों, पर्यावरणविदों और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के शोधार्थियों का एक बड़ा समूह यहां धरना दे रहा है। इनमें कई ऐसे लोग शामिल हैं जिन्हें देश और विदेश में ख्याति प्राप्त है, फिर भी सरकार ने उनकी मांगों पर कोई बातचीत तक नहीं की। उन्होंने कहा, “सरकार अब लोकतंत्र और संवाद में विश्वास खो चुकी है। पहले छोटे-मोटे आंदोलनों पर भी बातचीत का रास्ता अपनाया जाता था, लेकिन आज हजारों लोग दिनों-दिन सड़क पर बैठे हैं और उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है।”

उन्होंने इसे निरंकुशता की पराकाष्ठा बताया और आरोप लगाया कि देश में अब लाठी और बुलडोजर की राजनीति चल रही है। कुशवाहा ने वादा किया कि इस तरह की दमनकारी नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।

Comment here