द जनमित्र डेस्क
बक्सर के नोनियापुर गांव की प्रिया यादव ने स्थानीय मुफस्सिल थाने की पुलिस पर धमकी और बदसलूकी का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि पटना कोर्ट से घर लौटते समय उनके परिवार को रास्ते में रोका गया और केस वापस लेने की धमकी दी गई।
प्रिया के पिता राम अवधेश सिंह यादव भारतीय सेना से सूबेदार मेजर के पद से सेवानिवृत्त हैं और फिलहाल राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) सचिवालय में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के कार्यालय में पर्सनल असिस्टेंट के रूप में तैनात हैं।

प्रिया यादव का कहना है कि रवि रोशन उर्फ गुड्डू यादव ने दानापुर के सगुना मोड़ और भूगोल इलाके में जमीन दिखाकर खुद को भरोसेमंद व्यक्ति बताया और उनके परिवार से 27 लाख रुपये ठग लिए। 19 अगस्त 2025 को 11 लाख रुपये नकद और 16 लाख रुपये दो अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए। अगले दिन 20 अगस्त को एक एग्रीमेंट भी कराया गया, लेकिन बाद में पता चला कि दस्तावेजों में नाम और पता गलत भरा गया था।
एग्रीमेंट में जमीन की कीमत मात्र 16 लाख रुपये बताई गई, जबकि भुगतान 27 लाख का किया गया। इस मामले में दानापुर कोर्ट में धोखाधड़ी का मुकदमा पहले से चल रहा है।
पीड़िता ने बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद से उनके परिवार को लगातार धमकियां मिल रही हैं। 17 जुलाई की रात पटना कोर्ट से घर लौटते समय नोनियापुर-मंगोलपुर रोड पर दो बाइक सवारों ने उनका रास्ता रोक दिया। उस समय प्रिया की बाइक उनके भाई मनीष यादव चला रहे थे, पिता बीच में और प्रिया पीछे बैठी थीं।
किसी तरह रास्ता निकालकर आगे बढ़े तो दोनों बाइक सवार पीछा करने लगे। आरोप है कि उन्होंने बंदूक जैसा हथियार दिखाकर मुकदमा वापस लेने की खुली धमकी दी। पूरे परिवार ने किसी तरह जान बचाकर घर पहुंचकर राहत की सांस ली। इस घटना की शिकायत मुफस्सिल थाने में की गई।
पीड़िता प्रिया यादव का आरोप है कि जांच के लिए आए पुलिसकर्मियों ने निष्पक्ष तरीके से पूछताछ करने की बजाय परिवार के साथ अभद्र व्यवहार किया और धमकी दी। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू की तो पुलिस वाले बिना कुछ कहे वहां से रुखसत हो गए और चेहरे छिपाने की कोशिश करने लगे।
प्रिया ने आगे कहा कि पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने और उनके परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने में गंभीर नहीं दिख रही है, क्योंकि आरोपी के कथित तौर पर सरकारी तंत्र में अच्छे संपर्क हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनके पिता, मां, भाई या उनके साथ कुछ हुआ तो इसके जिम्मेदार रवि रोशन उर्फ गुड्डू और रौशन कुमार होंगे।
मुफस्सिल थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने सभी आरोपों को निराधार और बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर जांच टीम मौके पर गई थी, लेकिन घटना स्थल इटाढ़ी थाना क्षेत्र में पड़ता है। इसलिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला इटाढ़ी थाने को स्थानांतरित कर दिया गया है।

Comment here