द जनमित्र डेस्क
बिहार के बक्सर जिले के 23 वर्षीय मेधावी छात्र आनंद कुमार ने जीवन से हार मान ली। शुक्रवार को कानपुर के गुजैनी इलाके में उनके किराए के कमरे में फंदे पर लटकी हालत में उनकी निर्जीव देह मिली।

आनंद बीटेक इंजीनियरिंग में उत्तर प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में तीसरा स्थान हासिल करने वाले गोल्ड मेडलिस्ट थे। उनकी इस उपलब्धि पर पूर्व राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उन्हें 13 अगस्त 2024 को दीक्षांत समारोह में सम्मानित भी किया था।
परिवार के सदस्यों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर से आनंद का किसी से संपर्क नहीं हो पा रहा था। सफाई कर्मी महिला ने लंबे समय तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब न मिलने पर शक हुआ। सूचना मिलते ही परिचितों ने परिजनों को बताया, जिन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो युवक का शव छत से लटका मिला। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिवार के साथ कानपुर में बसे थे आनंद
मूल रूप से बक्सर जिले के नवानगर प्रखंड के रूप सागर गांव के निवासी आनंद कुमार पिछले कई वर्षों से कानपुर के गुजैनी क्षेत्र में पिता राजकुमार गुप्ता, बड़े भाई अमित और बहन प्रिया के साथ रह रहे थे। उन्होंने पीएसआईटी कॉलेज से बीटेक की डिग्री हासिल की थी।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि चार दिन पहले ही बड़े भाई अमित की शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। पूरा परिवार गांव जाने के लिए टिकट बुक करा चुका था, लेकिन आनंद ने आखिरी समय में अपना टिकट रद्द करा दिया। परिवार को उस समय इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि वह ऐसा कदम उठा लेगा।

पुलिस ने बताया कि सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग और उसमें लिखी बातों की जांच कराई जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक टीम की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Comment here