घटना

बाइक जेसीबी की टक्कर में युवक की मौत

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

जिले के कोरानसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरांव-बिक्रमगंज मुख्य मार्ग पर रविवार को एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना हो गई। एक सीमेंट मिक्सिंग फैक्ट्री से निकल रही जेसीबी मशीन ने बाइक सवार परिवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक युवक की मौके पर ही जान चली गई।

मृतक की पहचान नवानगर निवासी विकास कुमार (35 वर्ष) के रूप में हुई है। वे अपनी पत्नी प्रियांशु कुमारी और तीन वर्षीय बेटी नंदनी कुमारी के साथ बक्सर में गंगा स्नान कर बाइक से घर वापस लौट रहे थे। सुघर डेरा के निकट अचानक फैक्ट्री से बाहर आ रही जेसीबी ने उनकी बाइक को धक्का दे दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पूरा परिवार सड़क पर जा गिरा।

स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने विकास कुमार को मृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी प्रियांशु कुमारी और नन्हीं बेटी नंदनी की हालत गंभीर बताई जा रही है। इलाज अभी भी जारी है।

जानकारी के अनुसार, विकास कुमार दिल्ली की एक निजी फैक्ट्री में काम करते थे। अपनी मां की बीमारी की खबर मिलने पर वे करीब एक सप्ताह पहले गांव लौटे थे। उनके परिवार में पांच वर्षीय बेटा विवेक कुमार भी है।

प्रियांशु कुमारी ने जेसीबी चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मशीन अनियंत्रित तरीके से निकली थी, जिससे यह हादसा हुआ।

पुलिस अधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले की पूरी जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Comment here