स्थानीय

सड़क की बदहाली पर रोष: गड्ढों में धान रोपकर जताया विरोध

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

डुमरांव नगर परिषद क्षेत्र में स्टेशन रोड की जर्जर हालत को लेकर स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने शुक्रवार को एक अनूठा तरीका अपनाकर अपनी नाराजगी जाहिर की।

वर्षों से खस्ताहाल पड़ी इस सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और बारिश में पानी भर जाने की समस्या से त्रस्त लोगों ने सड़क पर जमा पानी और खड्डों के बीच धान की रोपाई कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस माध्यम से उन्होंने प्रशासन का ध्यान इस गंभीर मुद्दे की ओर खींचने की कोशिश की।

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्टेशन रोड डुमरांव का बेहद व्यस्त और अहम रास्ता है, जो रेलवे स्टेशन, बाजार क्षेत्र और आसपास के कई मुहल्लों को जोड़ता है। रोजाना हजारों की संख्या में राहगीर, स्कूली बच्चे, दुकानदार और वाहन चालक इस मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन लंबे समय से सड़क की मरम्मत न होने के कारण बारिश के बाद यहां गहरे गड्ढे बन जाते हैं और जलभराव हो जाता है। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है और कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं।

प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने बताया कि इस समस्या को लेकर नगर परिषद, संबंधित विभागों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को बार-बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। प्रशासन की उदासीनता से भड़के लोगों ने यह प्रतीकात्मक प्रदर्शन कर अपनी पीड़ा अधिकारियों तक पहुंचाने का प्रयास किया।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि स्टेशन रोड का तुरंत जीर्णोद्धार किया जाए, गड्ढों को तत्काल भरा जाए और स्थायी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो आगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

इस प्रदर्शन में छात्र नेता मनीष यादव, बीडीसी नंदन, हरेंद्र यादव, जीतू यादव, बब्लू यादव, नागेंद्र यादव, कविंद्र यादव, देवेंद्र सिंह, मुखिया इंदल सिंह, सुनील सिंह, जितेंद्र यादव, सोनू सिंह, धर्मेंद्र सिंह, राजद नेता मंटू यादव समेत बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी शामिल हुए।

Comment here