द जनमित्र डेस्क
कोरान सराय थाना क्षेत्र अंतर्गत मठिला गांव के एक अधबने मकान में गुरुवार रात एक युवक का फांसी पर लटकता हुआ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों की बड़ी संख्या मौके पर पहुंच गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान गांव निवासी स्वर्गीय प्रेम शर्मा के 25 वर्षीय बेटे अजीत शर्मा के रूप में हुई। अजीत अपने पांच भाइयों में सबसे छोटा था और अभी तक अविवाहित था।

पिता की मृत्यु के बाद अजीत चिराई मशीन चलाकर अपनी बूढ़ी मां का और अपना गुजारा चला रहा था। परिवार की जिम्मेदारियों के बोझ के साथ-साथ लगातार आर्थिक संकट भी उसे घेरे हुए था।
कर्ज के बोझ से था परेशान
ग्रामीणों के मुताबिक अजीत ने मशीन चलाने के लिए अलग-अलग जगहों से कर्ज लिया था। बढ़ते कर्ज के दबाव और लगातार तनाव के कारण वह पिछले कई दिनों से मानसिक रूप से काफी विचलित रह रहा था। गांव वाले मानते हैं कि आर्थिक संकट और मानसिक दबाव ने ही उसे यह कदम उठाने पर मजबूर किया होगा।
हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से परहेज किया है और पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
यह घटना पड़ोसी अजय तांतो के अधूरे मकान में हुई, जहां छत की कुंडी से शव लटका मिला। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिनकी जांच के बाद मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।
थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची, शव को नीचे उतारा गया और पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का ही लग रहा है, लेकिन हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। परिजनों के लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


Comment here