द जनमित्र डेस्क
बक्सर पुलिस ने बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘नया सवेरा 2.0’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कोरानसराय थाना क्षेत्र के एसबीएफ ईंट उद्योग से 16 नाबालिग बच्चों को मुक्त कराया है। यह छापेमारी बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर की गई।
पुलिस को स्व. कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान, बक्सर से लिखित शिकायत मिली थी जिसमें बताया गया था कि कोरानसराय थाना क्षेत्र के ईंट भट्ठे पर नाबालिग बच्चों से जबरन मजदूरी कराई जा रही है जिससे उनकी पढ़ाई और भविष्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक बक्सर के निर्देश पर तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी गई।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डुमरांव और पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मौके पर पहुंचकर ईंट भट्ठे की जांच की और सभी 16 बाल श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस मामले में कोरानसराय थाना में कांड संख्या 39/26 दिनांक 10 अप्रैल 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ईंट भट्ठा संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
रेस्क्यू ऑपरेशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पोलस्त कुमार, पुलिस उपाधीक्षक पंकज कुमार, कोरानसराय थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सत्येंद्र राम, पीटीसी मृत्युंजय कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
बक्सर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को कहीं भी बाल श्रम की जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी थाना, डायल 112 या जिला नियंत्रण कक्ष को सूचित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि बाल श्रम के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। यह कार्रवाई बच्चों के शोषण को रोकने और समाज में जागरूकता फैलाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।


Comment here