स्थानीय

विश्वामित्र सेना ने कराया निशुल्क सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

स्थानीय प्रखंड अंतर्गत सिकटौना ग्राम स्थित श्रीधराचार्य वेद कर्मी गुरुकुलम के प्रांगण में शुक्रवार को विश्वामित्र सेना के तत्वावधान में भव्य निशुल्क सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक श्री राजकुमार चौबे ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावकों और बच्चों ने भाग लेकर सनातन परंपरा के इस महत्वपूर्ण संस्कार को विधि-विधान से संपन्न कराया।

श्रीधराचार्य वेद गुरुकुलम में रंगनाथ द्विवेदी के मार्गदर्शन एवं आचार्य बनारसी दुबे के नेतृत्व में 51 बटुकों का उपनयन संस्कार मुख्य अतिथि राजकुमार चौबे की उपस्थिति में संपन्न हुआ। आचार्यों के मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञोपवीत संस्कार पूरा किया गया। शास्त्रों में वर्णित सिद्धांत जन्मना जायते शूद्रः संस्कारात् द्विज उच्यते को आत्मसात करते हुए इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को सनातन संस्कारों से जोड़ना रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई।

इस अवसर पर राष्ट्रीय संयोजक श्री राजकुमार चौबे ने कहा कि सनातन धर्म के उत्थान और हमारी परंपराओं के संरक्षण के लिए ऐसे संस्कारों का आयोजन अत्यंत आवश्यक है। यज्ञोपवीत संस्कार केवल एक परंपरा नहीं बल्कि हमारे जीवन में अनुशासन ज्ञान और संस्कारों का आधार है। विश्वामित्र सेना निरंतर समाज को जागरूक कर रही है और आगे भी इस प्रकार के आयोजन करती रहेगी।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सचिव अशोक कुमार उपाध्याय मोहित बाबा गोवर्धन चौबे अर्जुन तिवारी ओम जी यादव और गुड्डू पांडेय की उपस्थिति रही। डॉक्टर लोकनाथ द्विवेदी पंकज पांडेय बबन तिवारी जय कुमार तिवारी और विद्यासागर दुबे का सहयोग रहा।

Comment here