अपराध

शादी के नाम पर लाखों ठग कर फर्जी दुल्हन फरार

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर एक बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। एक गिरोह ने उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात निवासी युवक विनय कुमार को झांसे में लेकर फर्जी शादी कराई और दुल्हन 250 ग्राम सोने-चांदी के जेवर तथा नकदी लेकर फरार हो गई। पुलिस ने मामले में मुख्य दलाल को गिरफ्तार कर लिया है और फरार दुल्हन व उसके साथियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

पीड़ित विनय कुमार फरीदाबाद में कंकर (निर्माण कार्य) का काम करते हैं। उनके परिवार को शादी की चिंता थी। इसी दौरान उनके पड़ोस में रहने वाले दलाल ने बक्सर में शादी कराने का प्रस्ताव दिया। दलाल ने विश्वास दिलाने के लिए एक लड़की का आधार कार्ड दिखाया, जिसमें उसका पता बक्सर के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बारूपुर गांव बताया गया।

मंगलवार को विनय कुमार अपने परिवार के साथ बक्सर पहुंचे। दलाल ने उन्हें स्टेशन के पास एक लॉज में ठहराया और लड़की पक्ष को 70 हजार रुपये नकद दे दिए। बुधवार को पहले दोनों का कोर्ट मैरिज कराया गया, फिर चौसा के महादेव घाट पर गंगा किनारे साधारण रस्मों के साथ शादी पूरी की गई।

शादी के दौरान गिरोह लगातार पैसे की मांग करता रहा। दुल्हन ने सिंदूर भरवाने के लिए 5 हजार रुपये मांगे, बाद में 1100 रुपये लेकर रस्म पूरी कराई गई। खुद को लड़की का भाई बताने वाले युवक ने जूता चुराई की रस्म के नाम पर 1000 रुपये वसूले। इसके अलावा दुल्हन को 250 ग्राम सोने-चांदी के जेवर और अन्य खर्चों में करीब 20 हजार रुपये और लिए गए।

शादी के तुरंत बाद दलाल परिवार को स्टेशन छोड़ने के बहाने चौसा स्टेशन रोड ले गया। इसी दौरान सुनियोजित साजिश के तहत दुल्हन को ऑटो से उतारकर एक युवक बाइक पर बिठाकर फरार हो गया। पूरा घटनाक्रम इतनी तेजी से हुआ कि परिवार कुछ समझ ही नहीं पाया।

मौके पर मौजूद लोगों की मदद से पीड़ित परिवार ने दलाल को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। मुफस्सिल थाना प्रभारी शंभु भगत ने बताया कि आरोपी दलाल को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। फरार दुल्हन और उसके परिवार के अन्य सदस्यों की तलाश में विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी चल रही है।

पीड़ित परिवार ने मुफस्सिल थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Comment here