स्थानीय

बक्सर के अविनाश पहलवान का एशिया चैंपियनशिप के लिए सपोर्टिंग स्टाफ में चयन

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बिश्केक (किर्गिजिस्तान)। भारतीय कुश्ती संघ ने बक्सर जिले के चौसा गांव के निवासी अविनाश पहलवान को 6 से 12 अप्रैल 2026 तक किर्गिजिस्तान के बिश्केक में आयोजित होने वाली सीनियर एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप के लिए भारतीय कुश्ती टीम के सपोर्टिंग स्टाफ में शामिल किया है।

अविनाश पहलवान ने इस उपलब्धि पर भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह, बिहार कुश्ती संघ के अध्यक्ष विशाल सिंह, सचिव विनय सिंह बक्सर और अन्य सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया है।

बता दें कि अविनाश पहलवान वर्तमान में भारतीय सेना में कार्यरत हैं। खिलाड़ी के रूप में उन्होंने राज्य और देश के लिए कड़ी मेहनत की है। इससे पहले तीनों सेनाओं की कुश्ती टीम की ओर से क्रोएशिया, जर्मनी, मकदुनिया, यूक्रेन, चीन समेत कई अन्य देशों में विभिन्न जिम्मेदारियों के साथ भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

इस चयन से पूरे देश सहित बिहार, बक्सर जिले और उनके गांव चौसा में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोग अविनाश को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं और उन्हें आशीर्वाद दे रहे हैं।

बक्सर कुश्ती संघ के सचिव विकास राज, अध्यक्ष अशोक सिंह, अरुण पहलवान, पप्पू शेख, बिहार अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य राजू खरवार, चौसा रोगी कल्याण समिति के सदस्य चंदा चौरसिया, मुस्तफा जी, एडवोकेट वासिम जी, रितेश चंद्रवंशी, कृष्णा गुप्ता समेत तमाम स्थानीय निवासियों ने अविनाश पहलवान को इस उपलब्धि पर बधाई दी है।

Comment here