राजकाज

सीएम का दौरा : बक्सर को 592 करोड़ की सौगात

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

समृद्धि यात्रा के पांचवें चरण के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को बक्सर पहुंचे। यहां उन्होंने जिले को 592 करोड़ रुपये की 64 विकास योजनाओं की सौगात दी। इसमें 486 करोड़ रुपये की 23 योजनाओं का शिलान्यास और 106 करोड़ रुपये की 41 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का जायजा लिया और जीविका दीदियों से संवाद किया। उन्होंने जीविका समूहों को सामुदायिक निवेश कोष के तहत 33 करोड़ 17 लाख रुपये का प्रतीकात्मक चेक सौंपा और बैंक ऋण, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, आयुष्मान कार्ड, छात्र क्रेडिट कार्ड आदि की सौगातें भी दीं।

जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश कुमार ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा, “24 नवंबर 2005 को एनडीए की सरकार बनी थी और अब तक चल रही है। आज बिहार में कानून का राज कायम है। पहले शाम के बाद कोई घर से निकलता तक नहीं था। हिंदू-मुस्लिम के नाम पर समाज में क्या होता था, न शिक्षा थी न स्वास्थ्य की व्यवस्था। आज शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में व्यापक काम किया गया है। मुसलमानों के कब्रिस्तान की घेराबंदी के साथ 60 साल पुराने हिंदू देवी-देवताओं के मंदिरों को भी घेराबंदी कर सुरक्षित किया गया। हर तरह से काम हो रहा है, आगे और तेजी से होगा।”

नीतीश कुमार ने कहा कि अगले पांच वर्ष (2025-2030) को नौकरी और रोजगार समर्पित किया जाएगा। सात निश्चय-3 के तहत दोगुना रोजगार और दोगुना आय के लक्ष्य के साथ एक करोड़ लोगों को नौकरी-रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। “समृद्ध उद्योग और समृद्ध बिहार” के तहत पूरे राज्य में उद्योगों का जाल बिछेगा।

बक्सर जिले के विकास पर बोलते हुए सीएम ने बताया कि यहां नए पुल, इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज और पावर प्लांट लगाए गए हैं। प्रगति यात्रा के दौरान स्वीकृत 10 योजनाओं को शीघ्र पूरा किया जाएगा। इनमें बक्सर-कोइलवर तटबंध, सड़क निर्माण, पांच प्रखंडों में प्रखंड-अंचल भवन, बक्सर सदर अस्पताल को विशेष अस्पताल बनाने समेत कई कार्य शामिल हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाएं तय समयसीमा में पूरी हों।

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अयोध्या में राम मंदिर की तर्ज पर बिहार में मां जानकी मंदिर का निर्माण हो रहा है। पहले बिहार में मात्र 6 हजार किलोमीटर सड़कें थीं, आज नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी की डबल इंजन सरकार ने 1 लाख 40 हजार किलोमीटर सड़कें बनवा दी हैं। साथ ही 2 करोड़ 16 लाख घरों तक बिजली पहुंचाई गई है।

मुख्यमंत्री ने बक्सर के विकास को लेकर केंद्र सरकार के पूर्ण सहयोग का भी उल्लेख किया और कहा कि आने वाले समय में बिहार और तेज गति से आगे बढ़ेगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने आईटीआई परिसर में पेड़ भी रोपा।

Comment here