द जनमित्र डेस्क
घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत और अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति साफ करते हुए कहा है कि जिले में गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है और कहीं भी कमी नहीं है। उपभोक्ताओं को निर्धारित नियमों के अनुसार समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

प्रशासन के अनुसार, अब गैस सिलेंडर की बुकिंग पिछले सिलेंडर के 25 दिन पूरे होने के बाद ही संभव होगी। इस अवधि के पूरा होने पर उपभोक्ता बिना किसी परेशानी के दूसरा सिलेंडर प्राप्त कर सकेंगे। लोगों की असुविधा कम करने के लिए फिलहाल बुकिंग के समय ओटीपी की अनिवार्यता हटा दी गई है। अगले आदेश तक उपभोक्ता बुकिंग के बाद बिना ओटीपी के भी सिलेंडर ले सकेंगे।
जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं को कड़ी चेतावनी दी है कि घरेलू रसोई गैस का उपयोग किसी भी व्यावसायिक कार्य में बिल्कुल न किया जाए। यदि कोई व्यक्ति घरेलू गैस का व्यावसायिक इस्तेमाल करते पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, गैस सिलेंडर की जमाखोरी करने वाले व्यक्तियों, एजेंसियों या संस्थाओं के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सोशल मीडिया पर अफवाहों पर नजर
प्रशासन ने बताया कि सोशल मीडिया पर गैस सिलेंडर को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अफवाह फैलाने वालों और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए साइबर टीम के जरिए विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और व्हाट्सएप ग्रुपों की निगरानी की जा रही है।
गैस एजेंसियों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस की तैनाती
स्थिति पर पैनी नजर रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है। बक्सर और डुमरांव अनुमंडल में सभी गैस एजेंसियों पर दंडाधिकारी (मजिस्ट्रेट) और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है ताकि जमाखोरी, कालाबाजारी रोकी जा सके और उपभोक्ताओं को कोई असुविधा न हो।
प्रशासन के मुताबिक, सभी गैस एजेंसियों पर प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक मजिस्ट्रेट की निगरानी में गैस का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर एजेंसी पर पुलिस बल भी तैनात रहेगा।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अपनी वास्तविक जरूरत के अनुसार ही गैस सिलेंडर बुक करें।


Comment here