स्थानीय

शिक्षा विभाग में ‘माफिया’ सक्रियः विधायक

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्रा ने शिक्षा विभाग पर बड़ा आरोप लगाते हुए दावा किया है कि यहां ‘शिक्षा माफिया’ का जाल फैला हुआ है, जो ब्लैकमेलिंग के जरिए पूरे सिस्टम को अपनी गिरफ्त में ले रहा है।

विधायक आनंद मिश्रा ने कहा कि उन्हें विभाग से जुड़ी लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद उन्होंने खुद इस मामले की जांच की। जांच में पता चला कि अजय सिंह और अरविंद सिंह जैसे कुछ लोग ‘माफिया’ की तरह सक्रिय हैं। ये लोग शिक्षकों की अनुपस्थिति, छोटी-मोटी गलतियों या गोपनीय दस्तावेजों के लीक होने का फायदा उठाकर अधिकारियों और कर्मचारियों पर दबाव बनाते हैं तथा ब्लैकमेल करते हैं।

मिश्रा के अनुसार, विभाग के कुछ कर्मचारियों के साथ इनकी सांठगांठ है, जिससे कई गोपनीय फाइलें और दस्तावेज जारी होने से पहले ही इनके पास पहुंच जाते हैं। जांच के दौरान एक-दो वरिष्ठ अधिकारियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनके नाम सही समय पर खोले जाएंगे। एक सेवानिवृत्त अधिकारी का भी जिक्र किया गया, जो कथित रूप से इन लोगों के साथ सचिवालय तक पहुंचता है।

विधायक ने लोक शिकायत निवारण मंच का भी जिक्र करते हुए कहा कि इसे जन समस्याओं के समाधान के लिए बनाया गया था, लेकिन कुछ लोग इसे ब्लैकमेलिंग का हथियार बना रहे हैं।

आनंद मिश्रा ने साफ कहा कि सरकार शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और उनका मकसद है कि ‘बक्सर पढ़े, बिहार पढ़े और आगे बढ़े’। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि शिक्षा को व्यवसाय बनाने की कोशिश करने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Comment here