द जनमित्र | शशि

डुमरांव से ताल्लुक रखनेवाली बॉलीवुड एक्ट्रेस नीतू चंद्रा ने भोजपुरी गानों में बढ़ती अश्लीलता के खिलाफ एकबार फिर आवाज उठाई है। उन्होंने फेमस रैपर यो यो हनी सिंह के खिलाफ पटना हाई कोर्ट में याचिका दायर कर उनके हालिया गाने को संशोधित करने की मांग की है। याचिका में हनी सिंह के इस गाने पर आपत्ति जताई गई है, और महिलाओं को आपत्तिजनक तरीके से पेश करने का आरोप लगाया गया है।


इसी याचिका में हनी सिंह के अलावा सिंगर रागिनी विश्वकर्मा और अर्जुन अजनबी समेत कई लोगों का नाम है। जो इस गाने से जुड़े हुए हैं। हाल ही में रिलीज हुए हनी सिंह के पंजाबी गाने में भोजपुरी का कुछ हिस्सा भी शामिल है। हाईकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस आशुतोष कुमार की खंडपीठ ने इस मामले में केंद्र सरकार से जवाब मांगा है और अगली सुनवाई की तारीख 28 मार्च 2025 तय की है।
नीतू चंद्रा ने कोर्ट से अपील की है कि गाने के विवादित हिस्सों में संशोधन के निर्देश दिए जाए। अभिनेत्री का मानना है कि ऐसे गानों से लोगों के अवचेतन मन को संदेश जाता है कि वो लड़कियों और महिलाओं को कुछ भी कह सकते हैं और कुछ भी कर सकते हैं। इसे इतना नॉर्मल मान लिया है कि उन्हें फील नहीं होता है कि ये गलत है। लड़कियां स्कूल और कॉलेज जाते समय असुरक्षित महसूस करती हैं।
सोशल मीडिया पर लोग क्या बोले
यह खबर आम होने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर यह कहते लिखते नजर आ रहे हैं कि यह सब क्षणिक लोकप्रियता के लिए उठाया गया कदम है। हालांकि ऐसा कहनेवाले लोगों को शायद ही ये पता हो कि नीतू ने पहले भी कई बार इन मामलों पर आवाज उठाई है। इतना ही नहीं, उन्होंने भोजपुरी में अच्छे गीत-संगीत, फिल्म और कंटेंट बनाने और उसे बढ़ावा देने का काम भी लगातार किया है।

चंपारण टॉकीज नामक अपने प्रोडक्शन हाउस व ‘बेजोड़’ नामक यूट्यूब चैनल के बैनर तले अपने भाई निर्देशक नितीन चंद्रा के साथ मिलकर उन्होंने भोजपुरी फीचर फिल्म, शॉर्ट फिल्म व म्यूजिक वीडियो का निर्माण किया है जो अश्लीलता से दूर भाषा की असल मिठास और हकीक़त को महसूस कराते हैं। सरकारी ओटीटी प्लेटफॉर्म waves पर हाल ही में रिलीज हुई उनकी एक भोजपुरी फिल्म ‘करियट्ठी’ भी इसी कोशिश की एक कड़ी है। उनकी यह फिल्म कुछ ही दिनों पहले आयोजित पटना व दरभंगा फिल्म फेस्टिवल में भी दिखाई गई थी। वही भोजपुरी में एक और फिल्म के निर्माण पर काम फिलहाल चल रहा है।

Comment here