द जनमित्र । बक्सर
शुक्रवार को महर्षि विश्वामित्र फाउंडेशन की ओर से उनके राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे के जन्मदिन के अवसर पर होली मिलन सह पत्रकार सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन चुरामनपुर के समीप स्थित बीएफसी कैफे मे हुआ जिसमें जिले के कई पत्रकारों को सम्मानित किया गया। साथ ही, होली मिलन समारोह के माध्यम से आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विश्वामित्र सेना के राष्ट्रीय संयोजक राजकुमार चौबे ने कहा कि बक्सर, काशी और अयोध्या से भी प्राचीन धार्मिक स्थल है, जिसका उल्लेख पुराणों में मिलता है। जिस तरह आज काशी और अयोध्या की पहचान स्थापित हो चुकी है, ठीक उसी तरह बक्सर की पहचान स्थापित करना जरूरी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बक्सर का विकास होगा, तभी बिहार प्रगति करेगा और देश समृद्ध बनेगा।
द जनमित्र के साथ व्हाट्सएप पर जुड़े.


पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने भोजपुरी संगीत में बढ़ती अश्लीलता पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने इसे संस्कृति के खिलाफ बताते हुए कहा कि इसके उन्मूलन के लिए सामाजिक जागरूकता अभियान चलाना आवश्यक है।
वही महर्षि विश्वामित्र फाउंडेशन के शाहाबाद संयोजक रविराज ने बताया कि उनका संगठन पिछले सात वर्षों से वंचित समाज के बच्चों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य एक शिक्षित, सभ्य और सशक्त समाज का निर्माण करना है। फाउंडेशन समय-समय पर सेवा बस्तियों में स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन करता है। साथ ही हमलोग बक्सर को विश्वविख्यात धार्मिक केंद्र बनाने के लिए संकल्पबद्ध है।

Comment here