स्थानीय

रेलवे क्रॉसिंग और आरओबी दोनों बंद, यातायात चरमराया

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) और इटाढ़ी रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के बाद सोमवार को पूरे शहर की यातायात व्यवस्था बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई। गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूल खुलने के पहले दिन ही पांडेय पट्टी और नुआंव (नया बाजार) रेलवे क्रॉसिंग पर भयंकर ट्रैफिक जाम लग गया, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ।

स्कूल बसें, यात्री वाहन, निजी कारें और दोपहिया वाहनों की लंबी कतारें शहर के एक कोने से दूसरे कोने तक फैल गईं। हजारों लोग घंटों सड़कों पर फंसे रहे और अपने गंतव्य तक पहुंचने में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। सबसे पीड़ादायक दृश्य तब सामने आया जब कई एंबुलेंस भी जाम की चपेट में आ गईं। सायरन की तेज आवाज के बावजूद वे आगे नहीं बढ़ पाईं। मरीज दर्द से तड़पते रहे, जबकि उनके परिजन बेबस होकर रास्ता खुलने का इंतजार करते नजर आए। आसपास फंसे अन्य लोग भी एंबुलेंस को निकालने की कोशिश करते दिखे, लेकिन भीड़ के कारण कोई फायदा नहीं हुआ।

स्थानीय नागरिकों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सामान्य दिनों में ट्रैफिक पुलिस हेलमेट और कागजात चेक करने में सक्रिय रहती है, लेकिन सबसे ज्यादा जरूरत वाले समय में जाम वाले इलाकों में कहीं नजर नहीं आई। उनका मानना था कि अगर प्रमुख चौराहों और रेलवे क्रॉसिंग पर पर्याप्त संख्या में यातायात पुलिस तैनात रहती, तो स्थिति को कुछ हद तक संभाला जा सकता था।

इस मामले पर एसडीएम अविनाश कुमार ने कहा, “स्कूल खुलने के साथ ही दोनों प्रमुख सड़कों पर वाहनों का दबाव अचानक बढ़ गया है। हम ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करके बेहतर ट्रैफिक प्लान तैयार करेंगे और उसके आधार पर आगे की रणनीति बनाई जाएगी।”

संतोष ओझा ने तत्काल राहत के लिए शहर में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि पांडेय पट्टी की तरफ से आने वाले वाहनों को नुआंव क्रॉसिंग की ओर से बाहर निकाला जाए, जिससे आमने-सामने की टक्कर कम होगी और सीमित सड़कों पर यातायात सुगम हो सकेगा।

गर्मी की छुट्टियों के बाद सोमवार को स्कूल-कॉलेज खुलने के कारण स्कूल बसों, वैन और अभिभावकों के वाहनों की संख्या अचानक बढ़ गई। पहले से आरओबी बंद होने के कारण वैकल्पिक रास्तों पर पहले ही दबाव था, जिसके चलते जाम की स्थिति और गंभीर हो गई।

प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष प्रदीप कुमार पाठक ने प्रशासन से मांग की कि रेलवे क्रॉसिंग वाले क्षेत्रों में यातायात पुलिस की नियमित तैनाती की जाए। साथ ही, संकरी सड़कों के किनारों पर मिट्टी या ईंट भरकर अस्थायी रूप से सड़क चौड़ी करने का भी सुझाव दिया, ताकि वाहनों का आवागमन आसान हो सके।

Comment here