द जनमित्र डेस्क
पटना। बिहार के करीब 55 हजार जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकानदारों की लंबित मांगों और अधिकारों को लेकर चल रही लड़ाई को ताजा जोश मिला है। राज्य की राजधानी में ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन की बिहार इकाई के चुनाव में डॉ. मनोज कुमार यादव को सर्वसम्मति से प्रदेश अध्यक्ष और देवन रजक को महासचिव चुना गया।
चुनाव के तुरंत बाद दुकानदारों ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर राज्य सरकार पर दबाव बनाने और अपने संगठन को मजबूत करने का ठोस फैसला लिया। पटना के एमआईए सभागार में हुए इस कार्यक्रम में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए प्रतिनिधियों ने 51 सदस्यीय नई कार्यकारिणी का गठन किया।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत करने के बाद बैठक का दूसरा दौर आयोजित किया गया, जिसमें बिहार प्रदेश फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन और अखिल भारतीय संघ की संयुक्त चर्चा हुई।
बैठक में दुकानदारों की वर्षों पुरानी सात प्रमुख मांगों पर विस्तार से बातचीत हुई। इनमें 30 हजार रुपये मासिक मानदेय, अनुकंपा नियुक्ति की सीमा खत्म करना, डोरस्टेप डिलीवरी व्यवस्था बंद कर दुकानदारों को खुद गोदाम से अनाज उठाने की छूट और परिवहन खर्च का भुगतान शामिल हैं।
संगठन को और सशक्त बनाने के लिए वर्ष 2026-27 में बड़े स्तर पर सदस्यता अभियान चलाने का प्रस्ताव पास किया गया।
चुनाव में भागलपुर के चंदन कुमार को कार्यकारी अध्यक्ष, मुजफ्फरपुर के हीरालाल यादव को कोषाध्यक्ष, मोहम्मद अकील अहमद को प्रदेश उपाध्यक्ष, सहेंद्र पासवान को प्रवक्ता और महेश पासवान को कार्यालय प्रभारी चुना गया।
इस मौके पर विजय कुमार गुप्ता, अशोक यादव, गुलाब रजक, हरेंद्र पासवान, सुरेंद्र प्रसाद, दशरथ कुमार, रामचंद्र महतो, कामेश्वर सिंह, रामचंद्र पासवान, अश्विनी सिंह, जोगिंदर झा समेत प्रदेश भर से बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे।


Comment here