स्थानीय

तेज आंधी में नैनीजोर का पीपा पुल तीन टुकड़ों में बिखरा

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

सोमवार शाम को अचानक उठी तेज हवा और आंधी ने गंगा नदी पर बने पीपा पुल को बुरी तरह हिला दिया। पुल के तीन हिस्से अलग-अलग हो गए, जिससे बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। पुल के मध्य भाग में कई दोपहिया वाहन और छोटी गाड़ियां फंस गईं।

बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा बनाया गया यह अस्थायी पुल नैनीजोर गांव के बिहार घाट पर स्थित है। स्थानीय लोगों के लिए यह पुल रोजमर्रा की आवाजाही का प्रमुख साधन था। आंधी के जोरदार झटकों के कारण पुल के पीपा सेट टूटकर एक हिस्सा बिहार किनारे, दूसरा उत्तर प्रदेश तरफ और तीसरा नदी की धारा में बहता हुआ फंस गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हवा चलते ही पुल पर अफरा-तफरी मच गई। लोग और वाहन बीच में फंसकर रह गए। घटना के तुरंत बाद दोनों किनारों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने निर्माण की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई है। पंचायत के पूर्व मुखिया राजकिशोर प्रसाद और नवनाथ तिवारी ने कहा कि पुल में पर्याप्त लंगर और मजबूती का इंतजाम नहीं किया गया था। हवा का दबाव पड़ते ही पूरा सेट खिसक गया।बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है। महज पिछले गुरुवार को भी तेज हवा में यही पुल दो हिस्सों में बंट गया था, जिससे यातायात कई घंटों तक प्रभावित रहा।

फिलहाल पुल निर्माण निगम के अधिकारी और कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं और मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। लेकिन मरम्मत पूरी होने तक दोनों राज्यों के बीच इस रूट से आवाजाही संभव नहीं होगी। स्थानीय प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।

Comment here