द जनमित्र डेस्क
आरा-बक्सर नवनिर्मित फोरलेन पर सोमवार को एक बार फिर तेज रफ्तार ने किसी की जान ले ली। औद्योगिक थाना क्षेत्र के दलसागर गांव के पास 60 वर्षीय राजकुमार चौबे उर्फ राजू चौबे को अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। स्कूटी सवार राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना सोमवार सुबह करीब 9 बजे की है। ग्रामीणों के अनुसार राजकुमार चौबे गुजरात में लंबे समय तक नौकरी करने के बाद हाल ही में रिटायर होकर गांव लौटे थे। हरिकिशुनपुर मोड़ के पास फोरलेन किनारे वे अपना नया शोरूम बना रहे थे। सोमवार को भी वे स्कूटी से निर्माण कार्य देखने जा रहे थे कि तभी यह हादसा हो गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी। स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और राजकुमार सड़क पर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत आरा सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सर्विस रोड नहीं, मौत का रोड बन गया फोरलेन
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने फोरलेन पर सर्विस रोड न होने को मुख्य वजह बताया। दलसागर सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोग आज भी मुख्य फोरलेन से ही आवागमन करने को मजबूर हैं। तेज रफ्तार ट्रक और कंटेनरों के बीच स्कूटी-बाइक सवार अक्सर हादसे का शिकार हो रहे हैं।
स्थानीय युवा शुभम चौबे ने कहा, “सर्विस रोड बनाने का आश्वासन कई बार मिला, लेकिन आज तक एक ईंट नहीं लगी। लापरवाही की वजह से आज हमारे चाचा की जान चली गई। अगर जल्द सर्विस रोड नहीं बनी तो और कितनी लाशें जलेंगी?”
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल वाहन का कोई सुराग नहीं मिला है।
फोरलेन बनने के बाद से इस मार्ग पर हादसों में भयानक इजाफा हुआ है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और एनएचएआई से तत्काल सर्विस रोड निर्माण की मांग की है। क्षेत्र में शोक की लहर है और लोग सड़क सुरक्षा को लेकर बेहद आक्रोशित हैं।

Comment here