
द जनमित्र । बक्सर
प्रदेश में अपराधी भी जालसाजी का शिकार हो जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश से बिहार में शराब तस्करी करने वालों को पुलिस बनकर लूटने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूटी गई शराब, एक ट्रक, एक लग्जरी कार, हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। गिरोह का एक अन्य सदस्य, जो भारी मात्रा में हथियारों से लैस था, मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस उक्त अपराधी की तलाश में छापेमारी कर रही है।


इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए एसडीपीओ धीरज कुमार ने बताया कि रविवार की रात मुफस्सिल थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी एक लग्जरी कार और एक ट्रक में भारी मात्रा में शराब लेकर उत्तर प्रदेश से बक्सर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर एसपी शुभम आर्य के निर्देशानुसार पुलिस की एक विशेष टीम बनाई गई। चौसा के पास वाहन जांच के दौरान एक ट्रक और एक लग्जरी कार को रोककर तलाशी ली। जब कार की डिक्की खोली गई, तो उसमें 40 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों में कई कुख्यात अपराधी शामिल हैं। इनमें राजपुर थाना क्षेत्र के जलहरा गांव निवासी उमेश राय का पुत्र गौतम कुमार राय उर्फ अमन राय प्रमुख रूप से शामिल है। इस गिरोह का आपराधिक तरीका बेहद शातिराना था। ये अपराधी उत्तर प्रदेश से बिहार में शराब की तस्करी करने वाले तस्करों को निशाना बनाते थे। वे स्वयं को पुलिसकर्मी बताकर तस्करों को रोकते और उनकी शराब लूट लेते थे। इसके बाद वे इस शराब को खुद बाजार में खपा देते थे।
जांच में यह भी सामने आया है कि इन अपराधियों को कुछ सफेदपोशों का संरक्षण प्राप्त था, जिससे उनका आपराधिक नेटवर्क तेजी से फैल रहा था। पुलिस अब इन सफेदपोशों की भूमिका की भी जांच कर रही है और संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखी जा रही है।

Comment here