द जनमित्र डेस्क
भीषण गर्मी और लू की तेज हवाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी साहिला ने जिले के सभी सरकारी-निजी स्कूलों, प्री-स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और कोचिंग संस्थानों में कक्षा एक से आठवीं तक की समस्त पढ़ाई गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगा दी है।
यह आदेश 31 मई 2026 तक लागू रहेगा।

प्रशासन के अनुसार, पिछले कई दिनों से जिले में तापमान में लगातार उछाल आ रहा है। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाएं बच्चों के स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकती हैं। मौसम विभाग की चेतावनी और स्वास्थ्य जोखिमों को ध्यान में रखकर यह एहतियाती कदम उठाया गया है।
11वीं तक की कक्षाएं सुबह 11 बजे तक ही चलेंगी
नए आदेश में स्पष्ट किया गया है कि कक्षा नौवीं और उससे ऊपर की कक्षाएं सुबह 11 बजे तक ही संचालित हो सकेंगी। इससे पहले 16 मई के निर्देश में 11:30 बजे तक की छूट दी गई थी, लेकिन मौसम की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए समय सीमा और सख्त कर दी गई है।
यह व्यवस्था पूरे जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों पर समान रूप से लागू होगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने माता-पिता से अनुरोध किया है कि वे बच्चों को बिना जरूरत के घर से बाहर न भेजें। गर्मी से बचाव के लिए बच्चों को पर्याप्त मात्रा में पानी पिलाएं, हल्का और पौष्टिक भोजन दें तथा अन्य सावधानियां बरतें।
स्वास्थ्य विभाग ने भी आमजन को सलाह दी है कि दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें, धूप में निकलते समय सिर को ढककर रखें और बार-बार पानी पीते रहें।
पिछले कुछ दिनों से बक्सर में तेज गर्मी का प्रकोप जारी है, जिसके चलते दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा छाया रहता है और आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन का यह निर्णय सराहनीय माना जा रहा है।


Comment here