स्थानीय

छात्राओं के लिए करियर जागरूकता शिविर आयोजित

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

जिला नियोजन कार्यालय, बक्सर और बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के संयुक्त प्रयास से जीएनएम प्रशिक्षण संस्थान, बक्सर में एक जागरूकता एवं करियर मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य फोकस मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना और राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना (NAPS) जैसी महत्वपूर्ण सरकारी पहलों के बारे में छात्राओं को विस्तृत जानकारी देना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला नियोजन पदाधिकारी प्रणव कुमार ने शिरकत की। उनके साथ जिला नियोजन कार्यालय के प्रबंधक विवेक कुमार ने भी उपस्थित होकर छात्राओं को इन योजनाओं के लाभ, उपयोगिता और भविष्य में रोजगार के अवसरों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

संस्थान के प्रभारी प्राचार्य मुहम्मद आफताब आलम इदरीस ने अपने संबोधन में कहा कि आज के दौर में कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण ही युवाओं को आत्मनिर्भर और सफल बनाने की मजबूत नींव है। उन्होंने छात्राओं को सरकारी योजनाओं का पूरा फायदा उठाने और स्वावलंबी बनने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर संस्थान के फैकल्टी सदस्य झाब्बू राम, एसएस दास, जागृति सिंह और हॉस्टल वार्डन नीलम कुमारी भी मौजूद रहीं। सभी ने छात्राओं को करियर निर्माण, व्यावहारिक प्रशिक्षण और बेहतर रोजगार के अवसरों पर उपयोगी सुझाव और जानकारियां साझा कीं। खासतौर पर अंतिम वर्ष की छात्राओं को प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना और NAPS के तहत मिलने वाले प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता तथा नौकरी के अवसरों के बारे में गहराई से बताया गया। उन्हें यह भी समझाया गया कि इन योजनाओं के जरिए प्राप्त व्यावहारिक अनुभव भविष्य में अच्छी नौकरी और आत्मनिर्भरता हासिल करने में कितना कारगर साबित होगा।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने योजनाओं को लेकर कई जिज्ञासाएं व्यक्त कीं, जिनका विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जवाब दिया गया। अंत में संस्थान प्रशासन ने जिला नियोजन कार्यालय और सभी अतिथियों का आभार जताया तथा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।

Comment here