घटना

महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत टुड़ीगंज रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर के निकट मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला रेल हादसा हुआ। ट्रैक पार कर रही एक महिला तेज रफ्तार मेल ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला दक्षिण दिशा से उत्तर की ओर ट्रैक पार कर रही थी। अप लाइन से आ रही मेल ट्रेन का सही अंदाजा न लगा पाने के कारण वह उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत रेलवे प्रशासन और बक्सर जीआरपी को सूचना दी। सूचना मिलते ही बक्सर जीआरपी थानाध्यक्ष विकास कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया तेज की।

बाद में मृतका की पहचान सोवा गांव निवासी बसिरन बीबी के रूप में हुई। उनके पति का नाम मोहम्मद अलाउद्दीन है। परिजनों के अनुसार, बसिरन बीबी दवा लेने के लिए नया भोजपुर जा रही थीं, तभी यह दुर्घटना हो गई।

जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पार करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

Comment here