द जनमित्र डेस्क
बक्सर जिले के चौसा गांव के निवासी अविनाश पहलवान को भारतीय कुश्ती टीम के सपोर्टिंग स्टाफ के रूप में चयनित किया गया है। वे वर्ल्ड रैंकिंग सीरीज यूरोप में भारतीय दल के साथ खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे। यह प्रतियोगिता 4 से 9 फरवरी 2026 तक क्रोएशिया में आयोजित हो रही है। अविनाश भारतीय टीम के साथ क्रोएशिया पहुंच चुके हैं।

भारतीय कुश्ती संघ द्वारा सपोर्टिंग स्टाफ के तौर पर चुने गए अविनाश टीम के खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और प्रदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस चयन पर उन्होंने भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह, बिहार कुश्ती संघ के अध्यक्ष विशाल सिंह, सचिव विनय सिंह सहित सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार जताया है।
अविनाश वर्तमान में भारतीय सेना में तैनात हैं। अपने खेल करियर में वे खिलाड़ी के रूप में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने तीनों सेनाओं की कुश्ती टीम के साथ मार्कोडोनिया, यूक्रेन, चीन समेत कई देशों में भारत का परचम लहराया है।
अविनाश की इस उपलब्धि से उनके गृह जिले बक्सर और गांव चौसा में हर्ष का माहौल है। स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बक्सर कुश्ती संघ के सचिव विकास राज, अध्यक्ष अशोक सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष अरुण पहलवान, पप्पू शेख, बिहार अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य राजू खरवार, चंदा चौरसिया, उपाध्यक्ष मुस्तफा जी, एडवोकेट वासिम जी, रितेश चंद्रवंशी सहित कई जनप्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों ने अविनाश को शुभकामनाएं दीं।
जिले के लोगों को उम्मीद है कि अविनाश अपनी जिम्मेदारी का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हुए भारतीय टीम को सफलता दिलाएंगे और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम और रोशन करेंगे।


Comment here