द जनमित्र डेस्क
दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत बक्सर क्षेत्र की रेल सुविधा मजबूत करने के लिए दिलदारनगर के पास नई बाईपास रेलवे लाइन और ‘कर्मा’ नाम के नए रेलवे स्टेशन का निर्माण तेज गति से चल रहा है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद बलिया, गाजीपुर और वाराणसी रेल मार्ग से बक्सर का सीधा और आसान जुड़ाव हो जाएगा।

करीब 11.8 किलोमीटर लंबी यह नई रेल लाइन 2027 के अंत तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। फिलहाल मिट्टी भराई का काम जारी है और रबी फसल की कटाई के बाद निर्माण कार्य में और तेजी आने की उम्मीद है। दिलदारनगर से लगभग 1.5 किलोमीटर उत्तर ‘कर्मा’ स्टेशन बनाया जा रहा है, जो भविष्य में जंक्शन की भूमिका निभाएगा। यहां से गाजीपुर की ओर आने वाली ट्रेनें दो दिशाओं में विभाजित हो सकेंगी।
इस नई लाइन से सबसे बड़ी राहत रिवर्स इंजन की समस्या से मिलेगी। अभी गाजीपुर से आने वाली ट्रेनों को बक्सर या पटना की ओर भेजने के लिए दिलदारनगर पर इंजन रिवर्स करना पड़ता है। नई बाईपास लाइन बनने के बाद यह परेशानी खत्म हो जाएगी। ट्रेनें कर्मा स्टेशन से सीधे भदौरा होते हुए दानापुर-डीडीयू मुख्य रेल मार्ग से जुड़ सकेंगी।
परियोजना के तहत देहवल गांव के पास तीन रेल ओवरब्रिज (आरओबी) भी बनाने की योजना है, जिससे सड़क और रेल यातायात दोनों सुगम होंगे।
नए रूट के खुलने से कनेक्टिविटी कई गुना बढ़ जाएगी। बक्सर से सासाराम होते हुए गया-डीडीयू लाइन तक सीधा कनेक्शन मिलेगा। बिहटा-दनियावां-झाझा रूट से झारखंड और पूर्वी भारत के लिए नया विकल्प खुलेगा। मऊ, जौनपुर और गोरखपुर के लिए नई ट्रेन सेवाओं की संभावना बढ़ेगी। साथ ही पटना जंक्शन पर ट्रेनों का दबाव कम होगा और यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होंगे।
बक्सर को रघुनाथपुर के रास्ते बलिया से जोड़ने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। हालांकि रेलवे ने फिलहाल जगजीवन हाल्ट के पास से बलिया को जोड़ने की योजना पर काम शुरू कर दिया है, लेकिन यह मार्ग अधिक लंबा और महंगा बताया जा रहा है।


Comment here