अपराध

बक्सर रेलवे स्टेशन से दो शातिर चोर गिरफ्तार, सोने के आभूषण बरामद

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेल पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने बक्सर रेलवे स्टेशन से दो शातिर चोरों को धर दबोचा है। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सोने का सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने चोरी के इस सामान को खरीदने वाले दो रिसीवर दुकानदारों को भी गिरफ्तार कर लिया है।

आरपीएफ और जीआरपी की टीम स्टेशन परिसर में नियमित चेकिंग कर रही थी। संदिग्ध गतिविधि देखकर दो युवकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की कई वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की और बताया कि चोरी का सोना ठठेरी बाजार की ज्वेलरी दुकानों में बेचा गया था।

आरोपियों के खुलासे के आधार पर 1 मार्च की शाम पुलिस ने ठठेरी बाजार स्थित विकास ज्वेलर्स और सर्वेश कुमार वर्मा की दुकान पर छापेमारी की। छापे में एक सोने की चेन और दो सोने के लॉकेट बरामद हुए। दोनों दुकानदारों को चोरी का माल खरीदने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार चोरों की पहचान चंदन कुमार (30), पुत्र विश्वनाथ वर्मा, निवासी गगोरा, थाना इंडस्ट्रियल और कन्हैया राम (22), पुत्र विजय नारायण राय, निवासी सिंडिकेट बुधनपुरवा, थाना नगर के रूप में हुई है। वहीं रिसीवर के तौर पर सर्वेश कुमार वर्मा (26), पुत्र राजेंद्र प्रसाद, निवासी पुराना चौक और विकास कुमार (26), निवासी ठठेरी बाजार को पकड़ा गया है।

पुलिस ने बरामद सभी आभूषणों को जब्त कर लिया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की जांच जारी है। इस कार्रवाई से शहर में चोरी और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त करने वालों में खलबली मच गई है। पुलिस ने साफ कहा है कि ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Comment here