द जनमित्र डेस्क
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की सख्ती जारी है। बक्सर जिले के डुमरांव अनुमंडल अंतर्गत ब्रह्मपुर प्रखंड में निगरानी टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) लक्की एकता केंद्र उर्फ लक्की यादव को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई बुधवार को अंजाम दी गई।

शिक्षक सुधीर पाठक ने की थी शिकायत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गायघाट सरकारी विद्यालय में तैनात शिक्षक सुधीर पाठक ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रभारी BEO लंबे समय से उनके एरियर भुगतान के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायत की सत्यापन के बाद विभाग ने जाल बिछाया।
सिविल ड्रेस में पहुंची टीम, मौके पर दबोचा
निगरानी विभाग की टीम सिविल ड्रेस में पीड़ित शिक्षक के साथ ब्रह्मपुर प्रखंड कार्यालय पहुंची। जैसे ही शिक्षक ने तयशुदा राशि 10 हजार रुपये आरोपी अधिकारी को सौंपी, छिपकर तैनात टीम ने तुरंत छापेमारी की और उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके से पूरी रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।
डीएसपी रीता सिन्हा ने दी जानकारी
निगरानी विभाग की डीएसपी रीता सिन्हा ने बताया कि शिक्षक सुधीर पाठक की शिकायत पर जांच की गई, जिसमें मामला सही पाया गया। इसके बाद धावा दल गठित कर छापेमारी की गई और आरोपी को 10 हजार रुपये लेते हुए गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद प्रारंभिक पूछताछ प्रखंड कार्यालय परिसर में ही की गई, इसके बाद आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए पटना ले जाया गया।
शिक्षा विभाग में हड़कंप, जिला पदाधिकारी ने किया इनकार
इस घटना से स्थानीय शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। शिक्षकों और आम लोगों में चर्चा है कि भुगतान के नाम पर ऐसी अवैध वसूली की शिकायतें पहले भी मिलती रही हैं। इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार ने गिरफ्तारी की जानकारी से इनकार किया और कहा कि उन्हें कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रखंड कल्याण पदाधिकारी ही प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के प्रभार में रहते हैं।
ब्रह्मपुर थाना प्रभारी ने बताया कि निगरानी टीम ने थाने से कोई संपर्क नहीं किया और न ही गिरफ्तार अधिकारी को थाने लाया गया।


Comment here