स्थानीय

गणतंत्र दिवस पर शुरू हुआ नशा मुक्ति केंद्र

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

गणतंत्र दिवस के अवसर पर बक्सर मेडिकल सिटी फाउंडेशन द्वारा संचालित नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र का उद्घाटन आज जासो रोड, काली मंदिर के निकट भव्य समारोह के साथ किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण से हुई, जिसके बाद फाउंडेशन के निदेशक श्री राम नारायण ने रिबन काटकर केंद्र का औपचारिक उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद उपस्थित अतिथियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने केंद्र का भ्रमण किया और यहां उपलब्ध उपचार, काउंसलिंग तथा पुनर्वास की सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर निदेशक राम नारायण ने कहा, “नशा आज समाज के सामने एक गंभीर चुनौती बन चुका है। यह केंद्र न केवल नशा पीड़ितों का इलाज करेगा, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर सम्मानजनक जीवन की ओर लौटने में भी मदद करेगा।”

बक्सर मेडिकल सिटी फाउंडेशन का यह प्रयास नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। समारोह में स्थानीय गणमान्य व्यक्ति, विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।

कार्यक्रम को सफल बनाने में निदेशक रामनारायण के अलावा स्नेहा, विवेक कुमार पाठक, सूर्यप्रताप सिंह, हरि मोहन सिंह, प्रभा मिश्रा, अजय कुमार, इंद्रजीत चौबे, सत्येंद्र ओझा, नागेश दत्त पाण्डेय, शमीम खान, तौहीद आलम, मनु सिंह सहित कई अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Comment here