द जनमित्र डेस्क
नगर थाने की हिरासत से मुख्य आरोपी के फरार होने के मामले में पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्यूटी पर तैनात ओडी पदाधिकारी पुलिस अवर निरीक्षक इजहार खां को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में की गई है।

जानकारी के मुताबिक, नगर थाना कांड संख्या 24/26 के मुख्य आरोपी फरहान पुत्र जुबैद, निवासी खलासी मुहल्ला को रविवार रात गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे थाने में हिरासत में रखा गया। सोमवार को थाने में सामान्य प्रक्रिया के दौरान आरोपी ने ओडी पदाधिकारी की कथित लापरवाही का फायदा उठाया और शौचालय जाने के बहाने शौचालय की खिड़की में लगी ग्रिल तोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी शुभम आर्य ने मामले को गंभीरता से लिया और प्रारंभिक जांच कराई। जांच में इजहार खां की लापरवाही सामने आने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया। एसपी ने स्पष्ट किया कि हिरासत से आरोपी का फरार होना गंभीर कर्तव्यहीनता है और ऐसी लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फिलहाल फरार आरोपी फरहान की तलाश में पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। शहर व आसपास के इलाकों में छापेमारी जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि फरारी में किसी अन्य पुलिसकर्मी की संलिप्तता तो नहीं है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही दोबारा गिरफ्तार कर लिया जाएगा और दोषी पाए जाने पर किसी भी कर्मी के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


Comment here