घटना

राजपुर में भीषण सड़क हादसा: ओवरटेकिंग के चक्कर में 3 युवकों की मौत

Spread the love

द जनमित्र डेस्क

बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर चौसा-मोहनिया स्टेट हाइवे पर रोहिणी भान के पास एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका सदर अस्पताल, बक्सर में इलाज चल रहा है।

पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो मोटरसाइकिलें आमने-सामने टकरा गईं। एक बाइक पर तीन युवक सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर दो युवक मोहनिया की ओर जा रहे थे। एक बस को ओवरटेक करने की कोशिश में दोनों बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवक हवा में उछलकर सड़क पर गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

घायलों को स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस के जरिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक अन्य युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में बनारपुर निवासी सूर्यदेव कुमार (सुभाष पहलवान का बेटा), कैमूर जिले के चंडेस गांव निवासी उपेन्द्र कुमार (24) पुत्र धनु प्रजापति और मो. सैफ (26) पुत्र मो. शमशेर शामिल हैं। सूर्यदेव पटना में पढ़ाई कर रहे थे और उनकी शादी फरवरी में तय थी। उपेन्द्र की भी मई में शादी प्रस्तावित थी। उपेन्द्र और सैफ दोनों अपने माता-पिता के इकलौते संतान थे।

घायल दोनों युवक बनारपुर के ही रितेश सिंह (पिता वंशी सिंह) और रूपेश सिंह (पिता नंदकिशोर सिंह) हैं, जो दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार थे। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

राजपुर थाना अध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि तीनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। क्षतिग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।

Comment here