राजनीति

भाजपा ने पूर्व आईपीएस आनंद मिश्रा को मैदान में उतारा

Spread the love

द जनमित्र | शशि

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की दहलीज पर खड़ी राजनीति में बुधवार शाम एक बड़ा धमाका हुआ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए बक्सर विधानसभा सीट से पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा को टिकट थमा दिया। इस फैसले ने स्थानीय राजनीतिक हलकों में हड़कंप मचा दिया है, जबकि मिश्रा के समर्थक खुशी से फूले नहीं समा रहे। शहर से लेकर गांवों तक जश्न का माहौल है, और सोशल मीडिया पर #AnandMishraForBuxar ट्रेंड कर रहा है।

पार्टी की इस चाल को राजनीतिक पंडितों ने ‘गेम चेंजर’ करार दिया है। मिश्रा की साफ-सुथरी छवि और युवाओं पर पकड़ को देखते हुए यह सीट भाजपा के लिए निर्णायक साबित हो सकती है। पिछले लोकसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर उन्होंने 40 हजार से ज्यादा वोट हासिल कर अपनी ताकत का लोहा मनवा चुके थे। अब भाजपा के बैनर तले वे विपक्ष के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं।

आनंद मिश्रा का जन्म 1989 में बक्सर में हुआ, लेकिन उनका परिवार मूल रूप से भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड के पड़सौरा गांव से है। पिता कोलकाता में हिंदुस्तान मोटर्स में इंजीनियर थे, जहां मिश्रा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण की। सेंट जेवियर्स कॉलेज से स्नातक करने के बाद, मात्र 22 साल की उम्र में उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा पास कर असम कैडर के सबसे युवा आईपीएस अधिकारियों में शुमार हो गए।

भाजपा की रणनीति: युवा-महिला-किसान पर फोकस
पार्टी ने मिश्रा के अभियान को जोरदार बनाने के लिए रोड शो, जनसभाओं और डिजिटल कैंपेन पर दांव लगाया है। स्थानीय मुद्दों—सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार—को हथियार बनाकर जनता का विश्वास जीतने की योजना है। सूत्रों के मुताबिक, युवा, महिला और किसान मतदाताओं को लक्षित कर प्रचार चलेगा।

Comment here