स्थानीय

मौसम में तेजी से करवट

Spread the love

द जनमित्र | शशि

पिछले सप्ताह हथिया नक्षत्र में चार दिनों की मूसलाधार बारिश के बाद जिले में मौसम ने अचानक करवट ली है। अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की गई है, लेकिन रातों का तापमान लगातार गिर रहा है। जमकर ओस पड़ने से हल्की ठंड का एहसास होने लगा है, जिससे लोग पंखे-कूलर बंद कर चादर ओढ़ने लगे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि मॉनसून की विदाई के साथ ठंड का प्रभाव बढ़ रहा है।

सुबह के समय शहर, राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) और हाईवे पर घना कुहासा छाया रहता है, जिससे दृश्यता सामान्य से कम हो जाती है। हालांकि, सूर्योदय के साथ यह कुहासा छंट जाता है। बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि आर्द्रता 84 प्रतिशत रही। दिन में धूप अब तीखी नहीं लग रही है, और सुबह-शाम का मौसम सुहावना हो गया है।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि किसानों के लिए अच्छी खबर है, क्योंकि अगले तीन दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी रहेगी और यह 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। आने वाले दिनों में ठंड और तेज होने की उम्मीद है, जिससे सर्दी का असर बढ़ेगा।

विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए स्वास्थ्य का ध्यान रखें और रातों में हल्के गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करें।

Comment here