द जनमित्र | शशि
डुमरांव विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह के पुतले दहन और गधे पर पोस्टर लगाकर घुमाने की घटना ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए विधायक ने इसे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) समर्थकों की साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि भाकपा (माले) की बढ़ती लोकप्रियता से बिहार की भाजपा-जदयू गठबंधन सरकार बौखला गई है।

डॉ. अजीत ने इस कृत्य को जनता के जनादेश का अपमान बताते हुए इसे विकास कार्यों को पटरी से उतारने की कोशिश करार दिया। उन्होंने कहा, “डुमरांव में विकास की गति तेज हो चुकी है। थाना से शक्ति द्वार, सफाखाना रोड, जंगली शिवजी रोड और पश्चिमी गुमटी पर रेल ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य जोरों पर है। दशहरा से पहले नगर की मुख्य सड़क छोटी गाड़ियों के लिए खोल दी जाएगी।”
डुमरांव की जनता नकारात्मक राजनीति को नकार रही है
विधायक ने कहा कि डुमरांव हमेशा से शिक्षा, संस्कृति और जन-आंदोलनों का गढ़ रहा है। नई सड़कों के निर्माण से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों को भी बल मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि डुमरांव की जनता सच्चाई को समझ रही है और नकारात्मक राजनीति को खारिज कर रही है।
पुतला दहन NDA की बौखलाहट का सबूत
डॉ. अजीत ने कहा कि यह घटना NDA की हताशा और बौखलाहट को दर्शाती है। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि वह हर चुनौती के बावजूद विकास कार्यों को जारी रखेंगे। “सरकार के नकारात्मक रवैये और अड़चनों के बावजूद, जनता के सहयोग से हमने न केवल परियोजनाओं को स्वीकृति दिलाई, बल्कि उन्हें अमल में लाने का रास्ता भी बनाया,” उन्होंने कहा।
बाईपास सड़क पर काम जारी, जमीन अधिग्रहण में अड़चन
विधायक ने बताया कि बाईपास सड़क का कार्य जमीन अधिग्रहण की समस्या के कारण फिलहाल रुका हुआ है, लेकिन इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि ये उपलब्धियां उनकी नहीं, बल्कि डुमरांव की जनता की जीत हैं, जो उनकी आकांक्षाओं और संघर्षों का नतीजा है।
विकास की धारा नहीं रुकेगी
डॉ. अजीत कुमार सिंह ने जनता को विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में विकास की गति और तेज होगी। उन्होंने कहा, “हम मिलकर डुमरांव को प्रगति के पथ पर ले जाएंगे। नकारात्मक राजनीति और साजिशों के बावजूद, डुमरांव का विकास नहीं रुकेगा।”

Comment here