स्थानीय

दशहरा को लेकर विभिन्न इलाकों में शांति समिति की बैठक

Spread the love

द जनमित्र | शशि

आगामी दुर्गापूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शनिवार को शांति समिति की बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में प्रशासनिक अधिकारियों ने पूजा समितियों को सख्त निर्देश दिए, जिसमें डीजे पर प्रतिबंध, अश्लील गानों से परहेज और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। बैठकें सिमरी, नावानगर और इटाढ़ी थाना परिसरों में हुईं, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधि, पूजा समिति सदस्य और प्रबुद्धजन शामिल हुए।

सिमरी थाना क्षेत्र में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) लोकेन्द्र यादव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में दुर्गापूजा को असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक के रूप में मनाने की अपील की गई। बीडीओ ने कहा कि पर्व को आपसी समरसता के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने पूजा पंडालों में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध की बात कही और पूजा समिति सदस्यों को अश्लील गीत न बजाने के निर्देश दिए। थानाध्यक्ष ने अफवाहों से बचने की सलाह दी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा सीसीटीवी से निगरानी का आश्वासन दिया। बैठक में दशहरा पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सभी समुदायों के बीच सौहार्द कायम रखने पर जोर दिया गया। उपस्थित लोगों ने पर्व को शांतिपूर्वक मनाने का वादा किया। बैठक में सीओ भगवतीशंकर पाण्डेय, सर्किल इंस्पेक्टर ओमप्रकाश, मुखिया प्रतिनिधि प्रमोद पाण्डेय, प्रेम मिश्र, मिथिलेश पाठक, प्रेमकेश्वर मिश्र, संतोष मिश्र सहित अन्य लोग मौजूद थे।

नावानगर के सोनवर्षा थाना परिसर में थानाध्यक्ष संतोष कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में शांति और सौहार्द में पर्व संपन्न कराने पर विचार-विमर्श किया गया। थानाध्यक्ष ने पूजा समितियों से पंडालों में नियुक्त वॉलेंटियर्स की पूरी जानकारी, आधार कार्ड और मोबाइल नंबर थाने को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंडालों में किसी जनप्रतिनिधि का पोस्टर, बैनर या फोटो नहीं लगाया जाएगा। इस बार डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, जबकि केवल लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति होगी। आयोजकों से पंडालों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अग्निशमन यंत्र रखने की अपील की गई। किसी विवाद की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करने को कहा गया। ग्रामीणों और पूजा समिति सदस्यों ने सभी निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया। बैठक में पूर्व प्रखंड उपप्रमुख दिनेश सिंह, रामाकांत सिंह उर्फ बबुआजी, कलामुद्दीन, रवि पाण्डेय, धर्मेन्द्र कुमार समेत अनेक लोग उपस्थित थे।

इटाढ़ी थाना परिसर में थानाध्यक्ष सोनू पासवान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सीओ संतोष कुमार प्रीतम ने दशहरा पर्व को शांति एवं सौहार्द में मनाने की अपील की। पूजा समितियों को प्रशासन से लाइसेंस प्राप्त करने और निर्धारित रूट के अनुसार प्रतिमा विसर्जन करने के निर्देश दिए गए। थानाध्यक्ष ने सुरक्षा के व्यापक इंतजामों का जिक्र करते हुए कहा कि अफवाह या उपद्रव को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस वर्ष विजयादशमी पर इटाढ़ी हाईस्कूल मैदान में रावण पुतला दहन कार्यक्रम होगा, जिसके लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। पर्व के दौरान पुलिस बल की तैनाती और ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाएगी। डीजे तथा अश्लील गानों पर सख्त प्रतिबंध रहेगा। बैठक में मुख्य पार्षद संजय पाठक, जनप्रतिनिधि, पूजा समिति सदस्य और बुद्धिजीवी उपस्थित थे।

Comment here