द जनमित्र | शशि
बिहार की सियासत में विधानसभा चुनाव से पहले तापमान चढ़ गया है। बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि “मोदी की रैलियों को चमकाने के लिए सरकारी मशीनरी का बेशर्मी से दुरुपयोग हो रहा है।”
बक्सर अतिथि गृह में पत्रकारों से रू-ब-रू होते हुए सुधाकर सिंह ने खुलासा किया, “विक्रमगंज रैली के लिए बक्सर, रोहतास और कैमूर से करीब 25 हजार आंगनबाड़ी और जीविका दीदियों को जबरन खींच लाया गया, फिर भी रैली फुस्स हो गई।”





सांसद ने तंज कसते हुए कहा कि महिला कार्यकर्ताओं को सरकारी धमकी देकर रैलियों में ढकेला जा रहा है। “इस जबरदस्ती के वीडियो सोशल मीडिया पर तैर रहे हैं,” उन्होंने जोड़ा।
सुधाकर ने बिहार की दुर्दशा पर भी जमकर प्रहार किया। “पिछले दो दशकों में बिहार को बेरोजगारी, पलायन और अपराध के दलदल में धकेल दिया गया है। लोग अब बदलाव का मन बना चुके हैं।” उन्होंने पीएम की रिटायरमेंट उम्र की ओर इशारा करते हुए चुटकी ली, “अब जबरन भाषण थोपे जा रहे हैं, लेकिन जनता का सब्र जवाब दे चुका है।”
तेजस्वी यादव के ‘पॉकेटमार’ तंज पर सुधाकर सिंह ने साथ देते हुए कहा, “जब महंगाई, पेट्रोल-डीजल और टैक्स से जनता की जेब खाली हो रही है, तो इसे ‘पॉकेटमारी’ न कहें तो क्या कहें?”
तेजस्वी यादव के आवास के पास फायरिंग की घटना पर चिंता जाहिर करते हुए सुधाकर ने कहा, “गुंडे अब गांवों से निकलकर राजधानी की सड़कों पर बेखौफ घूम रहे हैं। बिहार में राक्षस राज कायम हो चुका है।”
बिहार की सियासत में ये बयानबाजी आने वाले चुनावी समर में और आग भड़काने का काम करेगी।


Comment here