द जनमित्र | शशि
हाल ही में अहमदाबाद में एअर इंडिया के प्लेन क्रैश के बाद से विमान परिचालन में कंपनी द्वारा की जा रही लापरवाहियों की खबर लगातार सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में दिल्ली से पटना की एअर इंडिया फ्लाइट (AI 2633) में एक यात्री को तब झटका लगा, जब उनके चेक-इन बैग से 22,800 रुपये गायब मिले। बक्सर के बैरी गांव के नंद कुमार तिवारी ने पटना के हवाई अड्डा थाने में शिकायत दर्ज करने की गुहार लगाई है। उनका आरोप है कि मामले को रफा-दफा करने और दोषियों को बचाने की साजिश रची जा रही है।










तिवारी ने बताया कि 17 अप्रैल को दिल्ली से पटना की यात्रा के दौरान उनके बैग में 25,000 रुपये नकद सहित अन्य सामान था। पटना पहुंचने पर बैग खोलने की हिम्मत टूटी, जब उन्हें सिर्फ 2,000 रुपये मिले। बैग के साथ छेड़छाड़ साफ झलक रही थी। आनन-फानन में उनके बेटे कुमार अभिज्ञान ने एअर इंडिया, पटना और दिल्ली हवाई अड्डों, और एयर सेवा पोर्टल पर ईमेल से शिकायत ठोकी।
एअर इंडिया ने जवाब में ठंडी सलाह दी—महंगे सामान को चेक-इन बैग में न रखें, क्योंकि उनकी पॉलिसी ऐसी चीजों की भरपाई नहीं करती। साथ ही, स्थानीय पुलिस से शिकायत करने को कहा। मई में पटना की एअर इंडिया टीम ने दावा किया कि दिल्ली और पटना के बैगेज हैंडलिंग पॉइंट्स और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, लेकिन चोरी या छेड़छाड़ का कोई सुराग नहीं मिला।
दो महीने बीत गए, न सीसीटीवी फुटेज दिखा, न दोषियों पर कार्रवाई हुई, न प्राथमिकी दर्ज हुई। तिवारी का गुस्सा सातवें आसमान पर है। अब हवाई अड्डा थाने की पुलिस ने जांच के बाद प्राथमिकी का भरोसा दिलाया है। क्या इस कहानी का कोई पटाक्षेप होगा, या ये सिर्फ एक और अनसुनी शिकायत बनकर रह जाएगी?


Comment here