घटना

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ली युवक की जान, चालक फरार

Spread the love

द जनमित्र | शशि

गुरुवार को बक्सर में एक दिल दहलाने वाला हादसा हुआ, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार धन्नू राय को बेरहमी से कुचल दिया। 25 साल का धन्नू, राजपुर थाना क्षेत्र के रूपा पोखर का रहने वाला था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि धन्नू दूर जा गिरा, सड़क पर तड़पता रहा। ग्रामीणों ने उसे तुरंत बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया, मगर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक गाड़ी समेत फरार हो गया।


प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि स्कॉर्पियो करीब 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बक्सर की ओर आ रही थी। सामने से आ रही धन्नू की बाइक को उसने सीधे रौंद दिया। धन्नू के परिजनों का कहना है कि वह जरूरी काम से बक्सर जा रहा था, लेकिन किसे पता था कि ये उसका आखिरी सफर होगा। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
मुफस्सिल थाना पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि फरार चालक की तलाश जारी है और जांच चल रही है। उधर, ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उनका कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों पर कोई लगाम नहीं और सड़कों पर सुरक्षा के नाम पर कुछ भी नहीं। उन्होंने प्रशासन से ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने और हादसों की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

Comment here