द जनमित्र | शशि
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने बिहार विधानसभा चुनाव में पूरे दमखम के साथ उतरने का ऐलान कर दिया है। सभी 243 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का फैसला और गठबंधन से दूरी बनाए रखने की रणनीति के साथ बसपा ने साफ कर दिया है कि वो संगठन की ताकत और समाज के समर्थन के बल पर सत्ता का मजबूत विकल्प बनेगी। ये बातें पार्टी के राष्ट्रीय समन्वयक और राज्यसभा सांसद रामजी गौतम ने गुरुवार को बक्सर विधानसभा की समीक्षा बैठक में कही।




बक्सर के एस एस हॉल में आयोजित इस बैठक में रामजी गौतम ने दो टूक कहा, “बसपा को न गठबंधन की जरूरत है, न किसी बैसाखी की। हमारी ताकत हमारा संगठन और समाज है।” उन्होंने उन दलों को चुनौती दी, जो बसपा पर समीकरण बिगाड़ने का आरोप लगाते हैं। बोले, “वे अकेले लड़कर देखें, अपनी औकात पता चल जाएगी।” गौतम ने जोर देकर कहा कि 2025 का चुनाव बहन मायावती के नेतृत्व में पूरी ताकत से लड़ा जाएगा। इसके लिए बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करना होगा। उन्होंने सर्व समाज को साथ लेकर चलने का भरोसा भी जताया।
केंद्रीय प्रदेश प्रभारी अनिल कुमार ने बिहार की मौजूदा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि शोषित, वंचित, दलित, पिछड़ा और अति पिछड़ा वर्ग को दबाने की साजिश हो रही है। “सरकार का इकबाल खत्म हो चुका है। लूट, हत्या, बलात्कार जैसी घटनाएं रोज बढ़ रही हैं, और कोई कार्रवाई नहीं हो रही। जिन्होंने जंगलराज से बचाने का वादा किया था, वही बिहार को महाजंगलराज में धकेल चुके हैं।” अनिल कुमार ने आरोप लगाया कि माफिया, सामंतवादी और मनुवादी ताकतों ने सत्ता पर कब्जा जमा लिया है, और डबल इंजन की सरकार तमाशबीन बनी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि बाबा साहब के सपनों और कांशीराम जी के मिशन को पूरा करने के लिए डबल इंजन की सरकार को उखाड़ फेंकना होगा। “बसपा संविधान से चलती है। हमारा हर कार्यकर्ता संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए लड़ने को तैयार है।” उन्होंने संगठन को मजबूत करने और बहन मायावती के हाथ मजबूत करने की अपील की।
केंद्रीय प्रदेश प्रभारी उमाशंकर गौतम ने संगठन के विस्तार और समाज के सबसे वंचित तबकों को मुख्यधारा में लाने की बात दोहराई। बैठक की अध्यक्षता बक्सर विधानसभा अध्यक्ष अजय कुमार ने की, जबकि संचालन हरिहर कुमार मेहरा ने किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष सुभाष गौतम, प्रदेश महासचिव अभिमन्यु सिंह कुशवाहा, जनार्दन राम, जे पी यादव, शिव बहादुर पटेल, सतीश यादव, अनिल कुमार समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इससे पहले, इटाढी प्रखंड मुख्यालय में राजपुर विधानसभा के तहत भी एक कार्यकर्ता समीक्षा बैठक हुई। इसमें रामजी गौतम ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। बैठक का उद्घाटन अनिल कुमार ने किया, जबकि अध्यक्षता राजपुर विधानसभा अध्यक्ष सरोज कुमार साधू और संचालन कमलेश कुमार राव ने किया। लालजी राम, सुभाष अंबेडकर, जे पी यादव जैसे नेता भी मौजूद रहे।

Comment here