स्थानीय

कीचड़ में फंसी विधायक की सवारी, उजागर हुई बदहाल सड़कों की हकीकत

Spread the love

जनमित्र | शशि

बक्सर के ब्रह्मपुर में गुरुवार को एक ऐसा वाकया हुआ, जो हंसी भी उड़ाता है और सोचने पर मजबूर करता है। आरजेडी विधायक शम्भूनाथ यादव की चमचमाती स्कॉर्पियो, नंबर BR-44P-7611, अपने ही क्षेत्र की कीचड़ भरी सड़क में धंस गई। जगह थी गरहथा कला गांव के पास, जहां सड़क का नामोनिशान सालों से गायब है।


यह सड़क, जो राष्ट्रीय राजमार्ग-922 से चक्की गांव को जोड़ती है, ग्रामीणों के लिए रोज़ का दुखड़ा बनी हुई है। टूटी-फूटी, कीचड़ से लबालब, बरसात में तो ये रास्ता किसी जाल से कम नहीं। स्कूल वैन, बाइक, ट्रैक्टर—सब रोज़ इस दलदल में जूझते हैं। हादसे? वो तो अब आम बात हो चली है।
जब विधायक जी की गाड़ी कीचड़ में फंसी, तो ग्रामीणों ने मौका नहीं छोड़ा। मोबाइल निकाला, वीडियो बनाया, और सारा तमाशा कैद कर लिया। वीडियो में स्कॉर्पियो पर विधानसभा का चिन्ह और आरजेडी का झंडा साफ दिख रहा था, बस नेम प्लेट को किसी ने कपड़े से ढंक रखा था—शायद शर्मिंदगी से बचने की नाकाम कोशिश।
आखिरकार, ग्रामीणों की मेहरबानी और एक पिकअप वाहन की मदद से गाड़ी को कीचड़ से आजादी मिली। लेकिन तब तक वीडियो सोशल मीडिया पर दौड़ पड़ा था, और विधायक जी की खूब फजीहत हो रही थी।
ग्रामीणों ने चुटकी लेते हुए कहा, “अब तो विधायक जी को भी अहसास हो गया होगा कि हम रोज़ किस दलदल से गुजरते हैं।” सड़क की बदहाली की शिकायतें सालों से हवा में तैर रही हैं, मगर सुनता कौन है?
ये घटना सिर्फ एक गाड़ी के फंसने की कहानी नहीं, बल्कि ब्रह्मपुर में पिछले दस सालों के “विकास” का आईना है। जिस कीचड़ में विधायक की स्कॉर्पियो धंसी, उसी में हजारों लोग हर दिन जिंदगी की जंग लड़ते हैं। सवाल ये है—क्या अब भी उनकी आवाज़ अनसुनी रहेगी?

Comment here