स्थानीय

सेना व राष्ट्रीय एकता के लिए सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ

Spread the love

द जनमित्र | शशि

बक्सर के पंचमुखी महावीर मंदिर में देश की सुरक्षा और सैनिकों के अटूट साहस को नमन करने के लिए एक भव्य सामूहिक हनुमान चालीसा व बजरंग बाण पाठ का आयोजन हुआ। इस पवित्र पहल की अगुवाई समाजसेवी वर्षा पांडेय ने की। कार्यक्रम का लक्ष्य था—सीमाओं पर तैनात वीर जवानों के लिए सामूहिक प्रार्थना से सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना, ताकि उन्हें शक्ति, विजय और सुरक्षा मिले।



इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए वर्षा पांडेय ने कहा, “जब देश पर संकट के बादल मंडराते हैं, तब हर देशवासी का कर्तव्य बनता है कि वह अपने स्तर से राष्ट्र रक्षा के लिए योगदान दे। सामूहिक साधना और प्रार्थना के माध्यम से हम एक बड़ी ऊर्जा का निर्माण कर सकते हैं, जो हमारे वीर जवानों को बल प्रदान करेगी।” उन्होंने सभी लोगों से आग्रह किया कि वे इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लें और देश के प्रति अपनी आस्था और समर्थन व्यक्त करें।

मंदिर परिसर में मंत्रों की गूंज और श्रद्धालुओं का जोश देखते ही बना। बड़ी संख्या में लोग एकजुट होकर हनुमान चालीसा और बजरंग बाण का पाठ कर रहे थे, देश की एकता और अखंडता के लिए प्रार्थना कर रहे थे। पूरा वातावरण आध्यात्मिक उत्साह से सराबोर था।
यह आयोजन लगातार पांच दिनों तक हर शाम 5 बजे होगा। वर्षा पांडेय ने देशवासियों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपने देशप्रेम और सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करें।

Comment here