द जनमित्र | शशि
जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र पांडेय के हालिया निरीक्षण ने बक्सर जिले के स्कूलों में कई चौंकाने वाली खामियों को उजागर किया है। चौसा और बक्सर प्रखंड के विद्यालयों में विभागीय निर्देशों की अनदेखी, शिक्षकों की अनुपस्थिति, मध्याह्न भोजन योजना में गड़बड़ी और अनुशासनहीनता जैसे गंभीर मामले सामने आए। इन सभी में शामिल प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को तीन दिनों के भीतर जवाब देने का आदेश दिया गया है।



मध्य विद्यालय, अखौरीपुर में सुबह 8:40 बजे ही कक्षाएँ बंद कर दी गई थीं, जबकि मध्याह्न भोजन का समय 9:00 से 9:40 तक तय था। स्कूल परिसर गंदगी से अटा पड़ा था और भवन जर्जर हालत में था। शिक्षिका शकुन्तला कुमारी और विशिष्ट शिक्षिका विनीता कुमारी पर अवकाश आवेदन में व्हाइटनर का इस्तेमाल और फर्जी उपस्थिति दर्ज करने जैसे आरोप लगे। विभाग ने इसे गंभीर अनुशासन उल्लंघन मानकर दोनों को नोटिस भेजा है।
इसी तरह, मध्य विद्यालय अखौरीपुर गोला में भी हालात चिंताजनक थे। 9 अप्रैल को निरीक्षण में सुबह 8:40 बजे कक्षाएँ बंद थीं और शिक्षक इधर-उधर टहलते मिले। इसे शैक्षिक जिम्मेदारी में लापरवाही मानकर सभी शिक्षकों को नोटिस जारी हुआ है।
राजकीय बुनियादी विद्यालय, चौसा के प्रभारी प्रधानाध्यापक गजेन्द्र प्रसाद शर्मा पर दो स्कूलों की जिम्मेदारी एक साथ निभाने और अधिकारियों के निर्देशों को नजरअंदाज करने का आरोप है। इसके अलावा, मध्याह्न भोजन में चावल की हेराफेरी, शौचालयों में पानी की कमी, गंदगी और जर्जर कक्षा को न हटाने जैसे मुद्दे भी सामने आए।
प्राथमिक विद्यालय कठघरवा में छात्र उपस्थिति रजिस्टर अधूरा था, शिक्षक भीम राय गायब थे और किचन की हालत बेहद खराब थी। मध्याह्न भोजन की चखना पंजी पर किसी शिक्षक के हस्ताक्षर नहीं थे, जिससे इसकी निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं।
निरीक्षण में यह भी देखा गया कि सुबह 7:05 तक स्कूल में एक भी छात्र नहीं था और शिक्षक बच्चों को बुलाने की कोई कोशिश नहीं कर रहे थे। बिजली कनेक्शन का अभाव और खराब शौचालय व्यवस्था ने भी चिंता बढ़ाई। प्रधानाध्यापिका सरोज कुमारी से इस पर जवाब मांगा गया है।
शिक्षा विभाग ने साफ कहा है कि सभी दोषी शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों को तीन दिनों में स्पष्टीकरण देना होगा, वरना कड़ी कार्रवाई होगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जोर देकर कहा कि स्कूलों में पारदर्शिता, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए ऐसे निरीक्षण लगातार होंगे। इस कार्रवाई से जिले के अन्य स्कूलों में भी हड़कंप मचा है।

Comment here