द जनमित्र न्यूज डेस्क
खुद को समाजसेवी और ‘राष्ट्रवादी’ का तमगा लगाने वाले अरविंद तिवारी उर्फ गिट्टू तिवारी की असलियत तब सामने आ गई, जब वह अश्लील तस्वीरों के दम पर फिरौती वसूलने के मामले में अपने एक सहयोगी के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया। शहर के बंगाली टोला में गुरुवार शाम 4 बजे का यह वाकया उस वक्त सुर्खियों में आया, जब सतर्क मोहल्ले वालों ने इन दोनों को मुनीम चौक के मेहंदी वस्त्रालय के पास दबोचकर पुलिस के हवाले किया। इस गंदे खेल की एक युवती भी शामिल बताई जा रही है।


मामले की जड़ में है आफताब आलम उर्फ जानू की शिकायत। आफताब ने नगर थाना में दर्ज FIR में बताया कि उनके भगिना और उसकी मंगेतर की निजी तस्वीरें फर्जी फेसबुक ID से वायरल की गईं। फिर वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर डेढ़ लाख रुपये मांगे गए। मोलभाव के बाद 28 हजार में बात पक्की हुई। पीड़ित परिवार ने यह रकम कैश में देने के बहाने उन्हें घर बुलाया। जैसे ही गिट्टू और संजय पैसे लेने पहुंचे, मोहल्ले वालों ने उन्हें ऐसा घेरा कि भागने की जगह न बची।
पुलिस की तफ्तीश में पीसी कॉलेज निवासी गिट्टू तिवारी, जो ‘तिरंगा यात्रा’ के नाम पर वाहवाही बटोरता था, इस कांड का बड़ा खिलाड़ी निकला।
उसके साथ वीर कुंवर सिंह कॉलोनी के संजय उपाध्याय भी पकड़ा गया। नगर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि दोनों पर आईटी एक्ट की धारा 66C, 66D और बीएनएस की धारा 319, 318, 303 के तहत केस ठोका गया है।

Comment here