बक्सर में बेलगाम अपराधियो ने पेट्रोल पंप के मालिक देवव्रत उपाध्याय को मारी गोली. गम्भीर स्थिति में निजी अस्पताल में चल रहा है इलाज. मामले की जानकारी लेने पहुँचे एसपी, जांच में जुटी पुलिस.
द जनमित्र | सरिता कुमारी
बक्सर : जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोहनी पट्टी में बेलगाम अपराधियो ने पेट्रोल पंप के मालिक देवव्रत उपाध्याय को गोली मारकर पुलिस को खुली चनौती दी है. गम्भीर रूप से घायल व्यवसायी को आनन-फानन में परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहाँ इलाज चल रहा है. वही इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस कप्तान मनीष कुमार मौके पर पहुँचकर मामले की जानकारी ले रहे है. बताया जा रहा है कि इससे पूर्व भी अपराधियों ने व्यवसायी पर गोली चलाई थी, लेकिन वह बाल-बाल बच गए थे.

घर के बाहर दरवाजे पर मारी गोली
घटना के सन्दर्भ में मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की देर शाम पेट्रोल पंप के मालिक देवव्रत उपाध्याय उर्फ बबुआ उपाध्याय अपने घर के बाहर दरवाजे पर खड़े थे. इसी दौरान बाइक सवार तीन चार की संख्या में पहुँचे नकाबपोश अपराधियों ने व्यवसायी के पेट मे गोली मार दी. जिससे वह गम्भीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया. गोली चलने की आवाज सुन लोगों को अपनी ओर आता देख सभी अपराधी भाग निकले. आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ इलाज चल रहा है. वही घटना की सूचना मिलते ही दलबल के साथ एसपी मनीष

कुमार, सदर एसडीपीओ धीरज कुमार, नगर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार हॉस्पिटल में पहुँचकर मामले की जानकारी लेने के साथ ही, पुलिस आस-पास के सभी सीसीटीवी कैमरे को खंगालने में जुट गई है.
क्या कहते है अधिकारी
मामले की जानकारी देते हुए एसपी मनीष कुमार ने बताया कि, इससे पहले भी घर में घुसकर मारने की कोशिश की गई थी. मामले को गम्भीरता से मैं खुद ही देख रहा हूँ. अभी इनको सुरक्षा गार्ड उपलब्ध करा दिया गया. जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले की खुलासा किया जाएगा.

गौरतलब है कि इस घटना के बाद व्यवसायी का परिवार पूरी तरह से सहम गया है. वही पुलिस इस पूरे मामले को चुनौती के रूप में लेकर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है. कोई इसे पुराना रंजिश तो कोई रंगदारी नही देने का परिणाम बता रहा है.

Comment here