अपराध

धड़ल्ले से हो रहा है हेरोईन का कारोबार, 20 लाख का हेरोईन बरामद

Spread the love

बिहार में शराबबंदी के बाद धड़ल्ले से हो रहा है हेरोईन का कारोबार. शहर के हर चौक चौराहे पर झूमते नजर आ रहे है नशेड़ी. बक्सर पुलिस ने 20 लाख रुपए का हेरोईन किया बरामद, तस्कर हुआ फरार.

द जनमित्र | सरिता कुमारी

बक्सर : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत जासो रोड में स्थित एक मकान में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 228 ग्राम हेरोईन के साथ दो डिजिटल तराजू बरामद की है. पुलिस द्वारा जब्त हेरोईन की कीमत अंतराष्ट्रीय बाजार में 20 लाख से अधिक बताई जा रही है. हालांकि इस दौरान तस्कर पुलिस के आने से पहले ही फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. हेरोईन तस्करी करने वाले शक्ति यादव पूर्व में भी हेरोइन तस्करी के आरोप में जेल जा चुका है. हाल में वह एनडीपीएस एक्ट में जेल से बाहर आने के साथ पुनः अपना कारोबार शुरू कर दिया, जिसका नेटवर्क गांव गांव तक है.

अंग्रेज कब्रिस्तान बना हेरोईन तस्करों का सुरक्षा कवच

नगर थाना क्षेत्र से 100 मीटर की दूरी पर स्थित अंग्रेज कब्रिस्तान हीरोईन तस्करों का सुरक्षा कवच है. आलम यह है की कब्र के अंदर गड्ढे में बैठकर हीरोईन तस्कर अपना कारोबार डालकर काम कर रहे हैं, जिसकी भनक तक पुलिस को नहीं है.

हर चौक चौराहे पर झूम रहे है नशेड़ी

जिले के ग्रामीण इलाकों से लेकर शहर के हर चौक चौराहे पर हीरोईन के नशे में युवा प्रत्येक दिन झुमते नजर आ रहे हैं. हैरानी की बात है कि पुलिस को छोड़कर पूरे जिले को पता है की नगर थाना क्षेत्र के शांति नगर, किला मैदान, लॉ कॉलेज गेट के बाहर, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नदाव, बोक्सा, कुल्हड़िया, औद्योगिक थाना क्षेत्र के दलसागर, मझरिया के अलावे कई ऐसे इलाका है, जंहा दिन के उजाले में हेरोईन का कारोबार हो रहा है.

क्या कहते है अधिकारी

हेडक्वार्टर पुलिस उपाधीक्षक अशफाक अंसारी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जासो रोड स्थित एक मकान में हेरोईन की खरीद बिक्री की जा रही है. मौके पर पहुंची पुलिस को देखते ही हेरोईन तस्कर शक्ति यादव फरार हो गया. पुलिस ने घर का तलाशी किया तो उसके घर से 228 ग्राम हेरोइन और दो डिजिटल तराजू बरामद किया गया. उन्होंने बताया कि हेरोईन तस्करी के जुर्म में शक्ति यादव पूर्व में भी जेल जा चुका था. जेल से छूटने के बाद दोबारा हेरोईन का कारोबार कर रहा था. पुलिस उसे गिरफ्तार करने को लेकर छापेमारी कर रही है.

गौरतलब है कि बिहार में शराबबंदी कानून वर्ष 2016 से लागू होने के बाद से ही जिले का अधिकांश युवा दूसरे मादक पदार्थों की तरफ अपना रुख कर चुके हैं. जिसे रोकना पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती है.

Comment here