द जनमित्र डेस्क
बक्सर जिले में बिजली की खपत लगातार ऊपर जा रही है। इसे देखते हुए बिजली व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। डुमरांव ग्रिड उपकेंद्र की क्षमता बढ़ा दी गई है ताकि लोगों को बेहतर और नियमित बिजली मिल सके।

बक्सर सांसद सुधाकर सिंह ने बताया कि जिले में बिजली की जरूरत तेजी से बढ़ रही है। उपभोक्ताओं को अच्छी आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक को पत्र लिखा था। उनके पत्र के बाद डुमरांव ग्रिड उपकेंद्र में 50 एमवीए के ट्रांसफॉर्मर को बढ़ाकर 80 एमवीए कर दिया गया। अब इस उपकेंद्र की कुल क्षमता 130 एमवीए हो चुकी है।
इस बढ़ोतरी से डुमरांव अनुमंडल इलाके में बढ़ती मांग को पूरा करने में आसानी होगी। गर्मियों में बिजली व्यवस्था पर जो अतिरिक्त बोझ पड़ता है, वह भी कुछ हद तक कम होने की उम्मीद है।
इसी तरह इटाढ़ी ग्रिड उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाने का काम भी चल रहा है। वहां लगे 20 एमवीए ट्रांसफॉर्मर को हटाकर उसकी जगह 50 एमवीए का नया ट्रांसफॉर्मर लगाने की प्रक्रिया जारी है। यह काम पूरा होने पर इटाढ़ी और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति और मजबूत हो जाएगी।
सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि बक्सर में आबादी और बिजली के इस्तेमाल दोनों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में बिजली के बुनियादी ढांचे की क्षमता बढ़ाना बहुत जरूरी हो गया है। ग्रिड उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ने से बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी और उपभोक्ताओं को बेहतर तथा बिना रुकावट वाली बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
उन्होंने बताया कि क्षमता बढ़ाने से वोल्टेज की समस्या भी कम होगी। घरेलू उपभोक्ताओं के अलावा किसान, छोटे व्यापारी और अन्य बिजली उपयोगकर्ताओं को भी इसका फायदा मिलेगा। सांसद ने कहा कि बक्सर की बिजली व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए आगे भी जरूरी कदम उठाए जाते रहेंगे।

Comment here